जाम्बिया के संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की

नई दिल्ली, 03 फरवरी । जाम्बिया के सांसदों के एक शिष्टमंडल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और जाम्बिया के बीच मजबूत और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया के संस्थापक और उसके पहले राष्ट्रपति डॉक्टर केनेथ कौंडा जैसे स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम विशेषकर महात्मा गांधी से प्रेरणा प्राप्त की थी।

राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक सहयोग के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच व्यापार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह संतोष की बात है कि भारत की ओर से जाम्बिया को परिवहन, पनबिजली निर्माण और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में ऋण उपलब्ध कराए गए हैं। इससे दोनों देशों के बीच भागीदारी मजबूत हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि जाम्बिया में निवेश करने वाले देशों में भारत का अग्रिम स्थान है।