चरस तस्कर गिरफ्तार, किराये के मकान में रहकर करता था बिक्री


बिलासपुर। सिविल लाइन पुलिस ने उसलापुर में किराए के मकान पर रहकर चरस की तस्करी करने वाले मेरठ के युवक को गिरफ्तार किया है। तस्कर ने अवैध धंधा करने के लिए उसलापुर में किराए पर मकान लिया था और यहां से वह अपने पहचान के लोगों को चरस उपलब्ध करवा रहा था।

सिविल लाइन पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक सरफराज खान को मुखबिर से सूचना मिली की एक व्यक्ति नशे का सामान को मेरठ से लाकर यहां पर बेचने का काम कर रहा है।

सूचना के बाद पुलिस ने सख्ती बरती तब उसने जुर्म कबूल कर लिया। उससे 15 ग्राम चरस जब्त किया गया है। उत्तर प्रदेश के मेरठ का 26 वर्षीय आकाश छारी पिता मुन्ना छारी पिछले तीन महीने से चरस का धंधा कर रहा था। लोगों को उसने बता रखा था .

कि वह किसी प्राइवेट जगह पर जॉब करता है। लेकिन वह काफी दिनों से चरस बेच रहा था। गुरुवार को सिविल लाइन टीआई परिवेश तिवारी को इसकी जानकारी मिली तो टीम भेजी गई। युवक को गिरफ्तार कर उससे चरस जब्त किया गया। पूछताछ में उसने मेरठ के उस युवक का नाम भी बताया है जो वहां से बिलासपुर में यह अवैध काम करवा रहा था। पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार करने जाने वाली है। पुलिस के मुताबिक मेरठ से उसने 50 ग्राम चरस लेकर आया था, जिसमें 35 ग्राम बेच चुका था।