भारत जोड़ो यात्रा: कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का निधन, राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे

नई दिल्ली: पंजाब के जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का आज निधन हो गया है. वे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे जहां वे अचानक बीमार पड़ गए. आनन फानन में उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल ले जाया गया. यहां उनका निधन हो गया. वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ चल रहे थे तभी उनकी धड़कन तेज हो गई. संतोख सिंह की हालत बिगड़ते ही राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा को रोका और तुरंत अस्पताल पहुंचे थे.राहुल गांधी की यात्रा आज सुबह 7 बजे लुधियाना के लोडोवाल से शुरू हुई थी. यात्रा को सुबह 10 बजे जालंधर के गोराया में पहुंचना था, जहां लंच के लिए यात्रा में विराम होता. उसके बाद शाम तीन बजे यात्रा को फिर से शुरू होती और शाम छह बजे फगवाड़ा के बस स्टेशन के पास रुकती. आज यात्रा का रात्रि विश्राम कपूरथला में कोनिका रिसोर्ट के पास मेहत गांव में था, लेकिन आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद आज यात्रा को रोक दिया गया है।