कोण्डागांव को एनीमिया से मुक्त करने कार्यक्रम चलाया जा रहा

कोण्डागांव ,12 जनवरी  कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ के संयुक्त कार्यक्रम के तहत कोण्डागांव को एनीमिया से मुक्त करने हेतु एनीमिया मुक्त कोंडागांव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके तहत् एनीमिया पर सभी विकासखण्डों के सभी ग्राम पंचायतों में एनीमिया मुक्त कोंडागांव अन्तर्गत व्यवहार परिर्वतन करने हेतु स्वयंसेवकों द्वारा पहल चलाकर गांव में दीवार लेखन द्वारा लोगो को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। जिसके तहत ग्राम पंचायतों में हाई स्कूल में अध्ययनरत किशोरियों एवं लोगों को सामुदायिक जागरूकता के तहत व्यवहार परिवर्तन करने का कार्य युवोदय कोंडानार चैम्प के स्वयंसेवकों के द्वारा किया जा रहा है।

जागरुकता कार्यक्रम के तहत लोगो को एनीमिया क्या होता है, रक्त की कमी, कैसा आहार ले, रक्त की कमी, गर्भवती महिलाओं में एनीमिया के लक्षण, ऐसी परिस्थिति में क्या करें क्या ना करें इस संबंध में जानकारी दी जा रही है। इसके लिए एनीमिया मुक्त कोंडागांव कार्यक्रम अन्तर्गत बैठक आयोजित कर लोगों को प्रोजेक्टर के माध्यम से मनोरंजक विडियो के द्वारा जानकारी दी जा रही है। किशोरियों में एनीमिया की जांच हेतु हाई स्कूलों में स्वास्थ्य दलों के द्वारा जांच भी किया जा रहा है और गर्भवती महिलाओं एवं शाला त्यागी किशोरियों का रक्त जांच आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से किया जा रहा है।

इसमें महिलाओं एवं किशोरियों को एनीमिया से बचाव हेतु आयरन युक्त पत्तेदार सब्जियों के सेवन,  किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के घर जाकर नियमित पौष्टिक आहार एवं आयरन युक्त मुनगा, लाल भाजी, हरी सब्जियां प्रचुर मात्रा में लेने हेतु प्रेरित किया जा रहा है साथ ही स्कूलों में पोषण वाटिका का निर्माण भी किया जा रहा है। इसमें एनीमिया तथा इसके कारण उत्पन्न समस्याओं उनके समाधान एवं व्यवहारों में परिवर्तन पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए कोंडानार स्वयंसेवक गृह भेंट सीधे संवाद के अलावा जागरूकता के लिए एनीमिया मुक्त करने सम्बन्धित स्लोगन लिखकर दीवार लेखन करने का कार्य भी कर रहे है। ताकि जिले की महिलाओं में एनीमिया को समूल खत्म कर स्वस्थ बच्चों एवं स्वस्थ्य भविष्य का निर्माण किया जा सके।