भाजी तोड़ने के बहाने खेत में ले जाकर पत्नी की कर दी हत्या…

बलौदाबाजार,01 जनवरी   जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसे अपने पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी वजह से उसने चाकू से पत्नी का गला रेत दिया है। बताया गया है कि आरोपी अपनी पत्नी को भाजी तोड़ने के बहाने खेत ले गया था। ‌वहीं उसने पूरी वारदात को अंजाम दिया है। मामला गिधपुरी थाना क्षेत्र का है।

मल्दी निवासी राजेश चौहान(30) की शादी जून महीने में ही गेयतरा निवासी ममता(24) से हुई थी। शादी के 2 महीने बाद तक सब कुछ ठीक था। राजेश गुजरात में मजदूरी करता था। मगर शादी के बाद से वह वापस नहीं गया था। कहा जा रहा है कि शादी के 2 महीने बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। आए दिन राजेश से ममता से झगड़ा करता था। कई बार मारपीट कर चुका था।

पता चला है कि आरोपी को पत्नी पर शक था कि उसका किसी और के साथ संबंध है। इस बात की जानकारी ममता ने अपने मायके वालों को दी थी। मगर मायके वालों की समझाइश के बाद वह अपनी पति के साथ ही गांव में रहती थी। इस बीच 15 दिन पहले ममता अपने मायके आ गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। मगर भागते वक्त आरोपी को चोटें आई थीं। इसलिए उसे पलारी के अस्पताल में ले जाया गया था। वहीं पुलिस ने उससे पूछताछ की। मगर आरोपी अब तक ये कबूल नहीं कर रहा है कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की है। वह बार-बार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।