रायगढ़ में इंस्टाग्राम पर नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो शेयर करने वाला किशोर गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई - vedantsamachar.in

रायगढ़ में इंस्टाग्राम पर नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो शेयर करने वाला किशोर गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 21 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ साइबर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो शेयर करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किशोर को पकड़ लिया है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसके निजी फोटो और वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में किशोर न्यायालय के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।

चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जा रहे हैं। शिकायत मिलते ही साइबर थाना ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में साइबर टीम ने तकनीकी जांच के जरिए संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की पहचान की। जांच में पता चला कि अकाउंट एक 17 वर्षीय किशोर द्वारा संचालित किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में किशोर ने स्वीकार किया कि उसने इंस्टाग्राम पर नाबालिग बालिका से दोस्ती की थी और उसके फोटो-वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया चैट ग्रुपों में शेयर किए थे। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए किशोर को किशोर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर बच्चों की निजता और सम्मान को प्रभावित करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रखने और उन्हें सोशल मीडिया सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।