पेशी से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, आरोपी फरार

दुर्ग। दुर्ग में कोर्ट पेशी से लौट रहे युवक पर एक व्यक्ति ने चाक़ू से हमला कर उसे घायल कर दिया। इस दौरान आरोपी ने बीच बचाव करने वालों पर भी हमला किया, और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशेड़ी है और अपराधी प्रवृत्ति का है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

दुर्ग टीआई एसएन सिंह ने बताया छावनी निवासी राहुल राजपूत (30 साल) ने अपने परिवार की महिला को लेकर दुर्ग पेशी पर आया था। पेशी में हाजिर होने के बाद वो बाइक से भिलाई जा रहा था। वह जैसे ही कलेक्टोरेट के ठीक सामने पटेल चौक पहुंचा अचानक एक युवक ने चाकू लेकर उन्हें दौड़ा दिया। उसने राहुल के पैर में चाकू से वार किया तो वो बाइक से गिर गया। इसके बाद कुछ लोग उसे बचाने दौड़े आरोपी ने उनके ऊपर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। दुर्ग पुलिस का कहना है कि उन्होंने मामला दर्ज कर लिया है।


दुर्ग पुलिस के मुताबिक हमला करने वाला आरोपी दुर्ग के केलाबाड़ी क्षेत्र का रहने वाला है। वह आदतन नशे का आदी है और अपराधी किस्म का युवक है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसने इस तरह पहले भी किया है। उसकी पीड़ित से कोई दुश्मनी भी नहीं थी न ही वो उसे जानता था। इसके बाद भी उसने इस तरह उसके ऊपर हमला किया इससे साफ है कि आरोपी दिमागी रूप से भी आपराधिक किस्म का है।