RAIPUR : छत्तीसगढ़ की ट्रांसजेंडर विद्या राजपूत को मिला ‘कमला भसीन’ पुरस्कार

रायपुर,28नवंबर। छत्तीसगढ़ की ट्रांसजेंडर विद्या राजपूत ने लैंगिक समानता पर उत्कृष्ट कार्य के लिए कमला भसीन पुरस्कार जीता है। दुनिया को लैंगिक समानता की ओर ले जाने के लिए विद्या राजपूत को यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें दिल्ली के एक समारोह में दिया गया। इस पुरस्कार का नाम दक्षिण एशिया में महिला अधिकार आंदोलन की अग्रणी कमला भसीन के नाम पर रखा गया है। कमला भसीन एक सामाजिक कार्यकर्ता थी।

यह पुरस्कार आजाद फाउंडेशन, आईपार्टनर इंडिया और नेशनल फाउंडेशन फॉर इंडिया द्वारा आयोजित किया गया था। विद्या राजपूत के साथ शक्ति मिलन समाज नेपाल की सह संस्थापक नताशा राय को भी यह अवार्ड दिया गया है। वर्षों से ट्रांसजेंडरों के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ रही विद्या राजपूत ने पुरस्कार प्राप्त कर कहा यह पुरस्कार एक प्रोत्साहन है। यह न सिर्फ मुझे बल्कि मेरे जैसे सभी लोगों को हिम्मत देगा।

विद्या राजपूत के बारे में

विद्या राजपूत एक ट्रांसजेंडर, जो बस्तर क्षेत्र की रहने वाली हैं। वह तृतीय लिंग कल्याण बोर्ड की सदस्य हैं। उन्होंने 2009 में ट्रांसजेंडरों को एकत्रित करने और उनके अधिकारों के लिए जागरूकता बढ़ाने के लिए मितवा समिति की सह-स्थापना की।