KORBA : SECL की स्टोर कीपर निकली चोर, तांबा चोरी कर घर को बना लिया था गोदाम

कोरबा,25नवंबर। SECL में पदस्थ एक महिला कर्मी अपने कंपनी को लाखों की क्षति पहुंचा रही थी। भला आप सोच रहे होंगे कि यह महिला कंपनी को चुना कैसे लगा रही थी, तो हम आपको बता दें कि महिला SECL के मानिकपुर सेंट्रल वर्कशॉप में स्टोर कीपर के पद पर पदस्थ थी और स्टोर में जमा तांबा के कीमती सामानों को धीरे-धीरे छिपाकर उसे पार करती थी। लंबे समय से वह गोरखधंधा संचालित कर रही थी। मानिकपुर पुलिस को इसकी भनक लगी तो पुलिस ने उसके घर में दबिश दी। जहां उसके कब्जे से लगभग 1 क्विंटल तांबे की खेप जब्त किया है।

मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है जहां SECL के एसबीएस कॉलोनी में निवासरत इंद्रजीत कौर नामक महिला को पति की मौत हो जाने के बाद उसे SECL में अनुकंपा दी गई थी। महिला SECL के स्टोर में स्टोर कीपर के पद पर पदस्थ थी। लेकिन महिला अपने कर्तव्य स्थल पर इमानदारी से ड्यूटी करने की बजाय कम समय में मालामाल बनने की इच्छा लेकर अपने कंपनी के ही माल को धीरे-धीरे पार करने लगी थी। पिछले कुछ महीनों से महिला ने 1 क्विंटल से अधिक तांबे की खेप को स्टोर से पार कर दिया था और उसे अपने घर में छुपा कर रखा था। जिसे खपाने की तैयारी कर रही थी। इस बीच मानिकपुर चौकी प्रभारी प्रहलाद राठौर को मुखबीर से इसकी सूचना मिली। पुलिस की टीम ने शुक्रवार को महिला के घर में दबिश दी जहां उसके कब्जे से बड़े पैमाने पर लगभग 1 क्विंटल तांबे की खेप जब्त करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। महिला के खिलाफ पुलिस ने अपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।