कोरिया में तापमान पहुंचा 8.8 डिग्री, रायपुर का अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़का

रायपुर। प्रदेश में उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से ठंड में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। न्यूनतम तापमान में आ रही गिरावट के बाद शनिवार को अधिकतम तापमान में भी गिरावट रही। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री लुढ़क गया। यहां अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।प्रदेश में शनिवार को कोरिया जिला सर्वाधिक ठंडा रहा। कृषि विज्ञान केंद्र कोरिया का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा।ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्रों में भी ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि रविवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड भी बढ़ेगी।

गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ी

ठंड बढ़ते ही अब गर्म कपड़ा बाजार में भीड़ भी बढ़ने लगी है। मोतीबाग, आमापारा, संतोषीनगर, पंडरी सहित विभिन्ना क्षेत्रों में लगे गर्म कपड़ों के स्टालों में खरीदारों की भीड़ बढ़ रही है। गर्म कपड़ों पर 20 प्रतिशत छूट भी दी जा रही है। ऊलन कपड़ा बाजार के साथ ही कपड़ा संस्थानों द्वारा भी गर्म कपड़ों पर आकर्षक आफरों की बौछार की जा रही है।

यह रहा तापमान
अधिकतम न्यूनतम
रायपुर 27.9 16.3
बिलासपुर 27.0 14.0
जगदलपुर 27.3 13.6
अंबिकापुर 23.3 11.4