छत्तीसगढ़ जोगी के प्रदेश अध्यक्ष की पत्नी ऋचा जोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज


रायपुर, 17 नवंबर।छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अजीत जोगी की बहू,जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की पत्नी अमित ऋचा जोगी के खिलाफ गलत जाति प्रमाण पत्र पेश करने के मामले में मुंगेली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सहायक आयुक्त एल आर कुर्रे ने अवैध अनुसूचित जनजाति प्रमाण मामले में ऋचा के खिलाफ मुंगेली के सिटी कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है।उच्च स्तरीय छानबीन समिति ने जून 2021 में ऋचा जोगी का स्थाई प्रमाण पत्र निरस्त किया था। डीडी सिंह इस उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के अध्यक्ष थे।

मुंगेली थाने से गुरुवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत में कहा गया है कि ऋचा रुपाली साधु ने अवैध रूप से अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र तैयार कर इसे उपयोग में लाया गया। ऋचा के खिलाफ सामाजिक प्रस्थिति प्रमाणीकरण अधिनियम 2013 की धारा 10 के तहत अपराध क्रमांक 651 दर्ज किया गया है।खुद को अनुसूचित जनजाति की बताते हुए ऋचा ने यह जाति प्रमाण पत्र 2020 में मरवाही उपचुनाव के समय शासन के पास जमा कराया था।

ऋचा जोगी को मुंगेली जिले के जरहागांव तहसील के पेंड्रीडीह गांव से अनुसूचित जनजाति का प्रमाणपत्र जारी किया गया था, जिस पर शिकायत प्राप्त होने पर राज्य स्तरीय छानबीन समिति ने विस्तार से जांच की और 23 जून 2021 को रिपोर्ट दाखिल की।जून 2021 को उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति ने ऋचा जोगी के गोंड अनुसूचित जनजाति के स्थायी प्रमाणपत्र को निरस्त कर दिया था। उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति के अध्यक्ष डीडी सिंह थे। उन्होंने कहा था कि जांच में पाया गया कि ऋचा जोगी के पिता क्रिश्चियन थे और समिति ने सभी पक्षों की सुनवाई करने के बाद यह फैसला लिया है।