जवाहर लाल नेहरू ने तोड़ा इसलिए राहुल गांधी कर रहे भारत जोड़ो यात्रा, केंद्रीय मंत्री ने कसा तंज

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। कैलाश चौधरी ने कहा जवाहरलाल नेहरू ने भारत को तोड़ा था और इसीलिए राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। मुरैना पहुंचे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने राहुल गांधी की इस यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ने की बात कर रहे हैं लेकिन उन्हें अपनी ही पार्टी को जोड़ने की आवश्यकता है क्योंकि पूरे देश में वह बिखर चुकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि भारत जोड़ो यात्रा है, लेकिन भारत को तोड़ा किसने है? उनके पूर्वजों ने… इस देश के दो टुकड़े कितने की है जवाहरलाल नेहरू ने। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू चाहते थे कि मैं देश का प्रधानमंत्री बनू और जिन्ना चाहते थे कि मैं भारत का प्रधानमंत्री बनूं और दोनों की चाहत ने भारत के दो टुकड़े करवा दिए।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसकी प्रशंसा देश के कई प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं। पहले कांग्रेस कम पढ़े-लिखे किसानों को गुमराह करती थी। खेती के नाम पर और फसलों के नाम पर अपना वोट लेती थी लेकिन अब किसान पढ़ा लिखा हुआ है समझदार है इसलिए वो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। गौरतलब है कि मुरैना जिले में इस समय केंद्र सरकार का कृषि मेला आयोजित किया जा रहा है जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर किसानों को लेकर अंचल में मेला आयोजित करवा रहे हैं और इसी मेले में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी भी पहुंचे हैं।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआथ की थी। इन दिनों इस यात्रा का पड़ाव महाराष्ट्र में है। करीब 66 दिनों से राहुल गांधी इस यात्रा पर हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार को यह यात्रा हिंगोली जिले के कलामनुरी से वाशिम तक जाएगी। सात सितंबर को शुरू हुई राहुल गांधी की यह यात्रा अब तक 6 राज्यों के 28 जिलों में गई है। 20 नवंबर को राहुल गांधी की यह  भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश पहुंच सकती है।