हिमाचल विस चुनाव : ख़त्म हुआ मतदान, 65.95 फीसदी लोगों ने डाले वोट

शिमला ,12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में मतदान खत्म हो गया है। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोग बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे। पहले घंटे की वोटिंग में 5.3 फीसद मतदान दर्ज किया गया, जिसके बाद वोटिंग में तेजी देखी गई । 1 बजे तक 37.19 फीसद के बाद 3 बजे तक मतदान 55.65 फीसद पर पहुंच गया। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम पांच बजे तक 65.95 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अभी अंतिम आंकड़े आने बाकी हैं। सुबह आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसके लिए प्रदेश भर में 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए थे।  

बता दें कि हिमाचल की कुल 68 विधानसभा सीटों पर इस बार 412 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार इन सीटों पर कुल 55 लाख 92 हजार 882 वोटर मतदान करेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक हिमाचल में 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिला और 38 थर्ड जेंडर मतदाता वोट डालेंगे। इसके साथ ही राज्य में 67,559 सर्विस वोटर, 56,501 दिव्यांग और 22 एनआरआइ वोटर भी हैं।



चुनाव आयोग के अनुसार, शाम पांच बजे तक सिरमौर में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई। यहां 72.35 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। इसके बाद सोलन में 68.48% बिलासपुर में 65.72%, चम्बा में 63.09%, हमीरपुर में 64.74%, कांगड़ा में 63.95%, किन्नौर में 62.00% कुल्लू में 64.59%, लाहौल स्पीती में 67.50%, मंडी में 66.75%, शिमला में 65.66%, सोलन में 68.48% और उना जिले में 67.67% लोगों ने वोट डाला।



2017 में बिलासपुर में 76.54%, चम्बा में 74.10%, हमीरपुर में 70.64%, कांगड़ा में 72.97%, किन्नौर में 75.51%, कुल्लू में 78.88%, लाहौल स्पीती में 73.17%, मंडी में 76.35%, शिमला में 73.43%, सिरमौर में 81.51%, सोलन में 78.10%, ऊना में 76.82% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।



हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी जिले की सिराज सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां शाम पांच बजे तक 74 फीसदी लोगों ने वोट डाला। जिले की मंडी सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां अब तक 72.90 फीसदी वोटिंग हुई।



वहीं, शिमला ग्रामीण से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। यहां शाम पांच बजे तक 66.35 फीसदी लोगों ने वोट डाला। वहीं, मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री हरोली से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां पांच बजे तक 69.90 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला। इसके अलावा सुखविंदर सिंह हमीरपुर जिले की नादौन सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। यहां 65.55 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।