फिरोजाबादः पशुओं के खेत में जाने से रोका तो मार दी गोली, घायल

फिरोजाबाद, 09 नवम्बर। थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत पशुओं के खेत में जाने से रोकने पर दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिये भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव हरिया निवासी मनोज कुमार (32) पुत्र डंबर सिंह का गांव के ही अंशुल, अंकुश पुत्रगण विजेंद्र सिंह से खेत में पशु जाने को लेकर विवाद हो गया। जब मनोज ने खेत से पशुओं को निकालने के लिए कहा तो दूसरे पक्ष ने गाली गलौज कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठियां भाजने लगे। आरोप है कि अंकुश ने अवैध हथियार से मनोज पर फायरिंग कर दी। गोली मनोज के पेट में जा घुसी। जिससे वह लहूलुहान हो गया। मंगलवार की देर रात हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख फायरिंग करने वाले वहां से भाग गए। पुलिस घायल को इलाज के लिए शिकोहाबाद के संयुक्त जिला अस्पताल लेकर आई जहां पर उसकी हालत गम्भीर होने पर आगरा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वही पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

इस बारे में प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ ने बताया कि मंगलवार की रात मनोज के खेत में पशु जाने को लेकर अंकुर पक्ष से विवाद में मारपीट हुई। अंकुर ने मनोज को गोली मार दी। ऑपरेशन हो चुका है। हालात गंभीर है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अंकुर व अंशुल व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गोली मारने वालों को तलाश किया जा रहा है।