कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण

राजनांदगांव । जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में मंगलवार को धान खरीदी महा अभियान का शुभारंभ हुआ। कलेक्टर डोमन सिंह ने जिले के धान उपार्जन केन्द्र घुमका पहुंचकर धान खरीदी का शुभारंभ किया तथा धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने घुमका में धान बिक्री करने आए किसानों का फूल माला पहनाकर और शॉल भेंट कर स्वागत किया। कलेक्टर ने किसानों से बात कर व्यवस्था की जानकारी ली।

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र प्रभारी और डाटा एंट्री ऑपरेटर को सभी प्रकार की व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होना चाहिए। उन्होंने सही माप में तौल करने, पर्याप्त मात्रा में बारदाने रखने, धान खरीदी के दौरान किसानों के साथ सकारात्मक व्यवहार रखने के साथ ही पेयजल, छाया जैसे बुनियादी व्यवस्था भी बनाए रखने कहा। यह अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि पूरे राज्य के साथ ही  जिले में भी धान खरीदी का विधिवत शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजना है। धान खरीदी होने से किसानों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है। प्रथम दिन घुमका धान खरीदी केन्द्र में 3 किसानों ने अपना धान विक्रय किया।