सरसों का साग बनाने का ये है पंजाबी तरीका, लंच में बनाने के लिए नोट करें Recipe

मौसम में हल्की ठंड शुरू होते ही पंजाबी रसोई से सरसों के साग की खुशबू आने लगती है। सरसों का साग और मक्की की रोटी भले ही पंजाबी ट्रेडिशनल रेसिपी हैं, लेकिन इसका स्वाद देशभर में लोग पसंद करते हैं। लेकिन कई लोग सिर्फ सरसों  का साग इसलिए नहीं बनाते क्योंकि उन्हें लगता है कि इसे बनाना काफी मुश्किल होता है। अगर आपकी भी यही सोच है तो अपनी सोच को बदल डालिए। सरसों का साग बनने में जितना आसान है सेहत के लिए उतना ही पौष्टिक भी होता है। तो देर किस बात की आइए जान लेते हैं आखिर कैसे बनाया जाता है सरसों का साग। 

सरसों का साग बनाने के जरूरी चीजें-
-750 ग्राम सरसों का साग
-250 ग्राम पालक का साग
-250 ग्राम बथुए का साग
-2 कप पानी
-एक चुटकी नमक
-1 1/2 कप मक्की का आटा
-4 हरी मिर्च
-25 ग्राम अदरक
-6 लहसुन की कली
-2 प्याज
-घी
-1/2 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर
-1/2 टी स्पून गरम मसाला
-1/2 टी स्पून धनिया पाउडर

सरसों का साग बनाने का तरीका-
सरसों का साग बनाने के लिए सबसे पहले प्रेशर कुकर में तीनों साग को डालकर  उसके साथ नमक और पानी डालकर धीमी आंच पर 1 1/2 घंटे तक पकाएं। अब साग का पानी निचोड़कर उसका पानी एक तरफ रख दें। साग को कुकर में अच्छे से मैश कर लें। अब इसमें मक्की का आटा डालकर साग में मिला लें। इसके बाद कुकर में साग के पानी के साथ नॉर्मल ताजा पानी डालकर कर इसे धीमी आंच पर पकाएं। साग में हरी मिर्च और अदरक डालकर साग को गाढ़ा होने तक पकाएं।

साग का तड़का-
साग के लिए तड़का तैयार करने के लिए प्याज, अदरक, लहसुन, लाल मिर्च, गरम मसाला, धनिया डालकर भून लें। ध्यान रखें प्याज को गोल्डन ब्राउन होने तक भूने। अब तड़के को साग में डालकर मिक्स कर लें। अब गार्निशिंग के लिए  जूनियन कटी अदरक का इस्तेमाल करते हुए गर्मा-गर्म साग मक्की की रोटी के साथ सर्व करें।