सुवा व राउत नाचा प्रतियोगिता आज से

महासमुंद ,29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ की चिन्हारी सुवा और राउत नाचा को मंच प्रदान करने की सोच के साथ संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की पहल पर 30 अक्टूबर से महासमुंद जिला मुख्यालय में लोक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति की नगरपालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, दाउलाल चंद्राकर, संजय शर्मा, अजय थवाईत, कमल प्रजापति व तारिणी चंद्राकर, लता कैलाश चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि सुवा व राउत नाचा प्रतियोगिता का आयोजन 30 व 31 अक्टूबर को शहर के हाईस्कूल मैदान में आयोजित किया गया है। 

संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल की पहल पर यह आयोजन का दूसरा साल है। पिछले साल आयोजित प्रतियोगिता का अच्छा प्रतिसाद मिला था। जिसके मद्देनजर फिर से इस साल छत्तीसगढ़ चिन्हारी को मंच प्रदान करने लोक महोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। प्रथम दिन मुख्य मार्ग पर मड़ाई नृत्य की झांकी निकाली जाएगी। जिसमें प्रतिभागी दल शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सुआ और और राउत नाचा प्रतियोगिता में क्रमशः प्रथम पुरस्कार 21 हजार रूपए, द्वितीय पुरस्कार पंद्रह हजार रूपए, तृतीय पुरस्कार दस हजार रूपए व प्रत्येक मंडली को पंद्रह सौ रूपए सम्मान राशि दी जाएगी।