CG News : इनकी दिवाली हो गई फीकी, खाली जेब कैसे मनाएं त्योहार

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को त्योहार के पहले वेतन मिलने की उम्मीद थी। शनिवार को पूरे दिन वेतन मिलने की उम्मीद में इनकी नजरें मोबाइल के स्क्रीन पर जमी रही। वेतन जमा होते ही मैसेज आएगा। पर ऐसा नही हुआ।

प्रदेश के तकरीबन पांच लाख अधिकारी-कर्मचारियों को दीपावली से पहले वेतन नहीं मिल सका। दीपावली से पहले वेतन मिलने को लेकर कर्मचारी संगठनों में सरगर्मी भी थी। पदाधिकारियों ने अपनी तरफ से दबाव बनाने की कोशिश भी की थी। पर ऐसा कुछ नही हुआ।

कल पूरे दिन अन्य राज्यों के वेतन देयकों के आदेश की प्रति अधिकारी-कर्मचारियों के वाट्सअप ग्रुप में जमकर प्रसारित भी हुई। वाट्सएप ग्रुप में प्रसारित हो रहे देयक पत्रक के कारण बिलासपुर सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों के कोषालय में कर्मचारियों ने वेतन देयक तैयार कर जमा भी कर दिया। राज्य शासन के वित्त विभाग से आदेश जारी नहीं होने के चलते वेतन का भुगतान नहीं हो सका।

मालूम हो कि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को हर महीने एक तारीख को वेतन उनके बैंक खाते में जमा हो जाता है। इस बार राज्य शासन ने सातवें वेतनमान का एरियर और पांच फीसद महंगाई भत्ता में वृद्धि की है। सातवें वेतनमान का एरियर अक्टूबर महीन के वेतन में मिल चुका है।बढ़े हुए पांच फीसद डीए एक नवंबर के वेतन में जुड़कर मिलना है।

प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को उम्मीद थी कि दीपावली के पहले राज्य शासन एरियर और 33 फीसद महंगाई भत्ता के साथ अक्टूबर महीने का वेतन दीपावली के पहले जारी कर देगा। मगर ऐसा नहीं हो पाया। कर्मचारियों को अक्टूबर के वेतन और एरियर में दीपावली मनाने पड़ेगी। जिसके चलते खासकर कर्मचारियों की दीपावली फीकी ही रहेगी।

कर्मचारियों का कहना है कि राज्य शासन ने दीपावली के पहले वेतन देने का कोई संकेत नहीं दिया था। जानकारों की माने तो यदि दीपावली से पहले वेतन देने का होता तो प्रक्रिया 17 से 20 अक्टूबर तक पूरी हो गई होती। नियमित के साथ-साथ अनियमित, दैनिक वेतन भोगी और संविदा कर्मचारियों को भी वेतन नही मिला है।