DHAMTARI : करवा चौथ बाजार में रही रौनक, कलश, पूजन सामग्री की हुई बिक्री

धमतरी, 12 अक्टूबर । करवा चौथ पर्व 13 अक्टूबर धमतरी जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर बाजार में रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने कलश दीये, पूजन सामग्री, साड़ी व अन्य सामग्रियों की खरीदी की। खरीदी के चलते बाजार में गहमागहमी का माहौल रहा। सुहाग की सलामती को लेकर सुहागिन महिलाएं 13 अक्टूबर को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व के चलते बाजार में रौनक देखने को मिली। कलश, दीये, चलनी व अन्य पूजन सामग्री की बाजार में अच्छी बिक्री हुई। करवा चौथ पर्व में सुहागिन महिलाएं भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर पति के हाथों जल ग्रहण कर उपवास का समापन करती हैं।

करवा चौथ पर्व को मनाने शहर के साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी बहुत उत्सुक हैं। करवा चौथ को धूमधाम से मनाने महिलाएं तैयारी में जुट गई हैं।त्योहार के एक दिन पूर्व पूजन सामग्री कपड़े व अन्य आभूषण सहित अन्य सामानों की अच्छी बिक्री हुई। शहर के रामबाग, मकई चौक के पास सड़क किनारे मिट्टी के कलश, दीये व पूजन सामग्री की बिक्री हुई।

लेडीज क्लब द्वारा किए जाएंगे विविध कार्यक्रम

करवा चौथ पर्व को लेकर लेडीज क्लब हर साल विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन कराते आ रहा है। इस साल भी महिलाओं के लिए विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। अमर टाकीज के पीछे स्थित गुरुद्वारा भवन में दोपहर तीन बजे से शाम तक कई कार्यक्रम होंगे। डांडिया नृत्य व अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन होगा। अंत में समूह में सभी महिलाएं भगवान शिव-पार्वती की विधि विधान से पूजा अर्चना करेंगी।