दो बेरिकेट्स तोड़कर भाजपा ने घेरा कलेक्टोरेट दफ्तर, सरकार को जगाने बजाया नंगाड़ा

रायगढ़ ,11अक्टूबर। जिले की जर्जर सड़क सहित अन्य मुद्दों को लेकर भाजपा आक्रामक रूप में आ गई है। तीन दिवसीय शंखनाद पदयात्रा करते हुए भाजपा सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंची और दो बेरिकेट्स तोड़ते हुए कलेक्टोरेट दफ्तर कर घेराव की। वहीं नंगाड़ा बजाते हुए प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

जिला भाजपा की शंखनाद परिवर्तन पदयात्रा बीते शनिवार से घरघोड़ा के बैगिन डोगरी मंदिर से शुरू हुई। पहले दिन बंजारी धाम में पहला पडाव रहा। दूसरे दिन रविवार को बंजारीधाम से सांई मंदिर तक पदयात्रा हुर्ई। सोमवार को तीसरे दिन शहर के उर्दना स्थित सांई मंदिर से पदयात्रा शुरू हुई। इस पदयात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव भी शामिल हुए। सांई मंदिर से शुरू हुई पदयात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंची। भाजपा के आक्रामक रूप को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंधन किए थे। 

भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पंजरी प्लांट मोड के पास ही से ही पुलिस ने बेरिकेट्स लगा दिया था, ताकि कार्यकर्ता इससे आगे नहीं जा पाए। दोपहर करीब तीन बजे भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पंजरी प्लाट मोड के पहले बेरिकेट्स पर पहुंची। वहां आसानी से भाजपा कार्यकर्ता आगे बढ़ गए। वहीं दूसरा बेरिकेट्स चक्रधर नगर थाना पास लगाया था। उक्त बेरिकेट्स के पास पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता बेरिकेट्स को तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। दो बेरिकेट्स लांघ आगे बढ़ चुके कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस व्यापक तैयारी की। वहीं पहले से तीसरे बेरिकेट्स में तैनात पुलिस जवानों के अलावा अन्य बेरिकेट्स पर तैनात पुलिस भी वहां पहुंच गए। इस समय कार्यकर्ताओं को वहां काफी मशक्कत के बाद रोका गया।

जगह-जगह हुआ स्वागत

तीसरे दिन सांई मंदिर से शुरू हुई पदयात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। ढीमरापुर, जोहल पैलेश, गौशाला चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, सिटी कोतवाली के समीप, गौरीशंकर मंदिर चौक, इतवारी बाजार के समीप, गोपी टाकीज के समीप, शहीद चौक में भी जुट मिल मंडल द्वारा भव्य स्वागत किया है। कुछ जगहों पर फुलों की वर्षा करते हुए इस परिवर्तन पदयात्रा का स्वागत किया गया।

कलेक्टोरेट परिसर हो गया था सील

भाजपा के प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन भी सख्ते में नजर आया। हालात यह रहे कि कलेक्टोरेट परिसर सील की स्थिति में थी। कलेक्टोरेट पहुंचने के लिए दो मुख्य मार्ग केलो चक्रपथ मार्ग को पंजरी प्लांट के पास ही बेरिकेट्स लगाते हुए आवाजाही रोक दी गई थी। वहीं चक्रधर नगर रेलवे फाटक मार्ग पर अंबेडकर चौक के पास आवाजाही रोक दी गई थी। इसके अलावा कलेक्टोरेट के मुख्य गेट के साथ शेष कलेक्टोरेट बिल्डिंग के छह चैनल गेट को भी बंद कर दिया गया था। इससे कार्य वश कलेक्टोरेट पहुंचने वाले आम आदमी को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

इनकी रही उपस्थिति

इस कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव अलावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, ओपी चौधरी व पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष पूनम सोलंकी, दिबेश सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, पूर्व अध्यक्ष जवाहर नायक, जगन्नाथ पाणीग्राही, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, अल्पसंखयक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शकील मोहम्मद, पूर्व विधायक केरा बाई मनहर व सुनीति राठिया, भाजयुमो अध्यक्ष विनायक पटनायक, महामंत्री सूरज शर्मा, विवेक रंजन सिन्हा, बृजेश गुप्ता, महेश साहू, कोशलेश मिश्रा, कमल गर्ग, देवेंद्र प्रताप, गोकुल पटनायक सहित अन्य मौजूद थे।