धमतरी-भाजयुमाे ने अधजले रावण का प्रतीक चिन्ह और बेशरम फूल भेंट किया

धमतरी, 10 अक्टूबर । दशहरा के दिन दहन किए गए रावण का पुतला बनाने में भ्रष्टाचार करने और जांच के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगाकर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने पार्षदों के साथ नगर निगम धमतरी में सोमवार को हल्लाबोल प्रदर्शन किया। विरोध जताते हुए प्रभारी कमिश्नर को अधजले रावण के फोटो वाला प्रतीक चिन्ह और बेशरम का पौधा-फूल भेंट किया। उल्लेखनीय है कि दशहरा के दिन नगर निगम ने दुबला-पतला रावण का पुतला बनाया था। अंत तक रावण के 10 सिर नहीं जले। इस मामले को लेकर नगर निगम की किरकिरी हुई, तब से भाजपा निगम पर हमलावर है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा और नगर निगम धमतरी के भाजपा के पार्षदों ने 10 अक्टूबर को रावण का पुतला बनाने में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर निगम का घेराव कर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए कमिश्नर के चेम्बर में पहुंचे। प्रभारी कमिश्वर को अधजले रावण के पुतले की फोटो वाला प्रतीक चिन्ह और बेशरम के पत्तो, फूलों से बना गुलदस्ता भेंट किया।

नगर निगम धमतरी के नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा ने कहा कि शहर की जनता बड़े मनोभाव से विजययदशमी उत्सव में शामिल होती है। ऐसे में इस प्रकार के भ्रष्टाचार के सामने आने पर जनता का विश्वास निगम से टूट गया है। जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष विजय साहू ने कहा कि निगम भ्रष्टाचार का गढ़ बना हुआ है। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विजय मोटवानी ने कहा कि धमतरी शहर हमेशा अपने अच्छे कामों के लिए जाना जाता है। इस बार विजयादशमी में हुए भ्रष्टाचार के कारण पूरे देश में हंसी का पात्र बन गया। इसलिए उसी रावण की तस्वीर वाला प्रतीक चिन्ह व बेशर्म का गुलदस्ता भेंट किया गया है। भाजयुमो के महामंत्री अविनाश दुबे ने कहा कि सिर्फ लिपिक को निलंबित कर अपने दायित्व से निगम नहीं मुकर सकता, बल्कि इस पूरे मामले की ही जांच होनी चाहिए।

प्रदर्शन में प्रीतेश गांधी, राजेंद्र शर्मा, दीपेंद्र साहू, देशांत लोढ़ा, अखिलेश सोनकर, निलेश लुनिया , पार्षद श्यामलाल नेताम, प्रकाश सिन्हा, नीलू डागा, श्यामा साहू , सरिता आसई, हेमन्त बंजारे,नीरज साहू, रोशन सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।