सरगुजा में नकली रासायनिक खाद से भरी पिकअप को पुलिस ने किया जब्त, चालक गिरफ्तार

अंबिकापुर,6सितम्बर। सरगुजा जिले के लखनपुर में पुलिस ने नकली रासायनिक खाद परिवहन कर रहे पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि नकली रासायनिक खाद का धंधा सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र से संचालित हो रहा है। कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में व्यवसायियों द्वारा नकली रासायनिक खाद का कारोबार किया जा रहा था।

रासायनिक खाद के पंजीकृत व्यापारियों एवं कृषकों के माध्यम से लखनपुर थाना को सूचना मिल रही थी कि नकली रासायनिक खाद का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। इनमें एनपीके और यूरिया भी शामिल है। लखनपुर थाना प्रभारी को सूचना मिलते ही मुखबीर तैनात किए गए थे। शनिवार की रात लगभग 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप क्रमांक सीजी 16ए 2011 में लगभग 60 बोरी नकली एनपीके रासायनिक खाद लाई जा रही है। इसके अनुसार कोरजा गांव के किराना व्यवसायी के माध्यम से सूरजपुर जिले के ग्राम तेजपुर थाना रामानुजनगर से नकली रासायनिक खाद पहुंच रही है। नकली रासायनिक खाद को लखनपुर व आसपास के क्षेत्र में खपाने की तैयारी है।

थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा ने आरक्षक राकेश यादव, दशरथ राजवाड़े के साथ घेराबंदी की तो नकली रासायनिक खाद के साथ पिकअप में सवार चालक पकड़ा गया। पिकअप चालक सतनारायण विश्वकर्मा निवासी तेजपुर थाना रामानुजनगर जिला सूरजपुर से पूछताछ की गई। उसने बताया गया कि बड़ी मात्रा में नकली रासायनिक खाद का अवैध कारोबार किया जा रहा है। लखनपुर क्षेत्र में लगातार लगभग 50 ट्रिप पिकअप में लखनपुर क्षेत्र में नकली रासायनिक खाद बिक्री की जा रही है। इस अवैध कारोबार के तार ग्राम तेजपुर थाना रामानुजनगर जिला सूरजपुर से जुड़े होने की जानकारी मिली। आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद सूरजपुर क्षेत्र के एक प्रतिनिधि द्वारा चालक और पुलिस से बात करने का प्रयास किया गया। सुबह स्थानीय नेताओं से बात कर पूरे मामले को शांत करा देने का भी आश्वासन दिया गया। हालांकि पुलिस ने पिकअप को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।