दिन दहाड़े घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला,मारपीट कर चाकू से किए कई वार

भिलाई,4 सितम्बर सुपेला थाना अंतर्गत वार्ड 18 चिंगरीपारा इलके में चार नकाबपोश लड़कों ने घर में घुसकर एक 27 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद जब मोहल्ले के लोग बचाने पहुंचे तो लड़के वहां भाग गए। घायल पीयुष वर्मा के पिता मनोज वर्मा ने बताया कि घटना शनिवार शाम 4 बजे की है। घर में उनकी पत्नी और बेटा पीयुष बस थे। अचानक चार लड़के पहुंचे। उन्होंने उनकी पत्नी से किसी का पता पूछा। जैसे ही पत्नी बात करने लगी उन लड़कों ने उसे धक्का देकर कमरे में बंद करने की कोशिश की। महिला चिल्लाई तो पीयुष वहां आ गया। पीयुष ने विरोध किया तो उन लड़कों ने उसे बुरी तरह मारा और इसके बाद चाकू निकालकर उसके जांघ और हिप में दो से तीन वार किए। इससे पीयुष वहीं गिरकर त़ड़पने लगा। घर में चींख पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग बचाने के लिए दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख चारों लड़के बाइक से भाग खड़े हुए। इसके बाद वार्ड पार्षद भोजराम सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीयुष को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद पीयुष को सुपेला अस्पताल से दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया है।