janzgir Champa:नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव में वीवीपैट नहीं होने पर उठे सवाल, अधिकारियों ने कहा- पूर्व निकाय चुनावों में भी यही व्यवस्था थी - vedantsamachar.in

janzgir Champa:नगर पंचायत बम्हनीडीह चुनाव में वीवीपैट नहीं होने पर उठे सवाल, अधिकारियों ने कहा- पूर्व निकाय चुनावों में भी यही व्यवस्था थी

जांजगीर-चांपा, 01 जून। नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए होने वाले प्रथम चुनाव में उपयोग की जा रही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के साथ वीवीपैट (VVPAT) सुविधा उपलब्ध नहीं होने को लेकर कुछ राजनीतिक दलों एवं नागरिकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वीवीपैट के अभाव में मतदाता यह सत्यापित नहीं कर पाएगा कि उसका मत उसी प्रत्याशी के खाते में दर्ज हुआ है, जिसे उसने मतदान किया है।

चुनाव प्रक्रिया के तहत रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम चांपा पवन कोसमा की उपस्थिति में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम की सीलिंग एवं सत्यापन की कार्रवाई संपन्न की गई। इस दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नगर पंचायत चुनाव में प्रयुक्त की जा रही ईवीएम मशीनों में वीवीपैट पर्ची की व्यवस्था नहीं है।

इस संबंध में कुछ प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब वीवीपैट मतदाता को उसके वोट के सत्यापन का अवसर प्रदान करती है, तब इसकी व्यवस्था क्यों नहीं की गई। उनका तर्क है कि इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर मतदाताओं के मन में शंकाएं उत्पन्न हो सकती हैं।

वहीं, अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में पूर्व में हुए नगरीय निकाय चुनावों में भी इसी प्रकार की ईवीएम का उपयोग किया गया था और उस समय भी वीवीपैट की व्यवस्था नहीं थी। चुनाव आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही चुनाव प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि अपेक्षाकृत कम मतदाताओं वाली नगर पंचायत में चुनाव बैलेट पेपर से भी कराए जा सकते थे। उनका मानना है कि बैलेट पेपर प्रणाली मतदाताओं के लिए अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद मानी जाती है। हालांकि चुनाव किस माध्यम से कराया जाएगा, इसका निर्णय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों एवं व्यवस्थाओं के अनुसार लिया जाता है।

फिलहाल बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में वीवीपैट सुविधा नहीं होने को लेकर चर्चा जारी है, जबकि निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों और आयोग के निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जा रही है।