छत्तीसगढ़ आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री शाह, संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से करेंगे संवाद

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शीघ्र ही छत्तीसगढ़ आएंगे। नड्डा के इसी महीने के अंत में और शाह के अगले महीने के पहले हफ्ते में आने का कार्यक्रम बन रहा है। दोनों नेता यहां पार्टी संगठन की समीक्षा बैठक लेंगे। साथ ही पार्टी के कामकाज और मोदी सरकार की योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद भी करेंगे। पार्टी के स्तर पर दोनों नेताओं के दौरे को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।

पार्टी के नेताओं के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा 26 से 28 अगस्त के बीच दो दिन के लिए आएंगे। वे यहां बूथ और मंडल स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। प्रदेश कोरगु्रप की भी बैठक लेंगे। इसमें पार्टी की आगामी एक वर्ष की रणनीति तय की जाएगी। पार्टी नेताओं के अनुसार शाह का दौरा मुख्य रुप से केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर होगा। इस दौरान शाह पार्टी नेताओं की बैठक लेकर 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि देश की सत्तारुढ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे यहां बूथों की मंडल स्तर पर बैठक लेने जा रहे हैं। यह राज्य सरकार की बड़ी सफलता है। इससे पहले एक दर्जन केंद्रीय मंत्री यहां आकर समीक्षा करके गए हैं, लेकिन कुछ नहीं कर पाए। यह राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं की सफलता है। इससे स्पष्ट हो गया है कि राज्य में सरकार कितनी मजबूत है।