बलिदानियों का सम्मान, देश भक्ति के रंग में रंगे जवान

दुर्ग। शनिवार को कला मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बलिदानियों के स्वजनों को सम्मानित किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में गृहमंत्री ने कहा कि देश भक्ति का जज्बा सबसे बड़ा जज्बा है। जो जवान अपने प्राणों को देश पर न्योछावर कर देते हैं। वे हमारे लिए पूजनीय हैं। अपने साहस और शौर्य से वे मातृभूमि को सुरक्षित रखते हैं। उनके प्रति हम सब कृतज्ञ हैं।

इस मौके पर अपने संबोधन में विधायक अरुण वोरा ने कहा कि शहीदों ने अपने खून से इस देश को सींचा है। आज हमारा देश जितना मजबूत है उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीद जवानों का बड़ा योगदान है। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी शहादत का सम्मान करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से शहीद परिवारों का संबल बढ़ता है।

कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि हम शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं. जिन्होंने अपने साहस से हमारे देश की सुरक्षा की। आपकी देशभक्ति के जज्बे की वजह से देश सुरक्षित है। अपने संबोधन में एसपी डा. अभिषेक पल्लव ने कहा कि हम सभी शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञ हैं।

आज स्वाधीनता दिवस के पूर्व हम सभी शहीद परिवारों के स्वजनों के साथ हैं। यह हमारा सौभाग्य है। देश सेवा कर तथा लोगों की मदद कर हम शहीद जवानों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि व्यक्त कर सकते हैं। इस मौके पर सभी जवानों के हाथों में तिरंगा झंडा था। एसपी डा. अभिषेक पल्लव ने जवानों के साथ हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नगमे गाये और पूरा माहौल देश भक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में मंत्री रविंद्र चौबे करेंगे ध्वजारोहण

दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व के अवसर पर दुर्ग जिले में आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री रविंद्र चौबे पुलिस ग्राउण्ड में प्रातः नौ बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। फिर गार्ड आफ आनर की प्रक्रिया की जाएगी और इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन आम जनता के लिए किया जायेगा।