CG BREAKING NEWS :  तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सांकेतिक बोर्ड से टकराई, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

जगदलपुर I छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सड़क दुर्घटना में 22 साल के एक युवक की मौत हो गई है। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सांकेतिक बोर्ड से जा टकराई। बाइक की रफ्तार अधिक होने की वजह से टर्निंग पॉइंट पर बैलेंस बिगड़ा और हादसा हो गया। हादसा कोड़ेनार थाना क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, योगेश विश्वकर्मा (22) अपने एक साथी अमन यादव के साथ बाइक के माध्यम से आरापुर से तोकापाल की तरफ जा रहा था। इसी बीच टर्निंग पॉइंट पर बाइक अनियंत्रित हो गई, फिर सड़क किनारे सांकेतिक बोर्ड से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में सवार दोनों युवक काफी दूर तक उछल कर फेंका गए। हादसे में युवक योगेश विश्वकर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, इस मार्ग से गुजर रहे लोगों ने हादसे की जानकारी कोडेनार थाना प्राभारी विकास राय और एंबुलेंस 108 को दी। मौके पर जवान और 108 की टीम पहुंची। घायल और मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। डॉक्टरों की मानें तो घायल युवक की स्थित गंभीर बनी हुई है। वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।