कोरबा:- इस वर्ष देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है।

आजादी के संघर्ष में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने न केवल अंग्रेजों से लोहा लिया, बल्कि देश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का एक खाका भी जनता के समक्ष रखा था। यह आधुनिक भारत का विचार था जिसकी पृष्ठ भूमि में स्वतंत्रता के लिए हमारा लम्बा संघर्ष, गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना और नेहरू जी की आधुनिक दृष्टि थी। भारत के इस विचार में देश की बहुसंस्कृति और सर्वसमावेशी मिट्टी की महक थी। उक्त कथन राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरबा कांग्रेस द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विधानसभा स्तरीय आजादी की गौरव यात्रा के दौरान वार्ड क्र. 12 शारदा विहार में व्यक्त किये। उन्होने आगे कहा कि आज से 75 साल पहले नेहरू जी ने आजादी की घोषणा करते हुए कहा था, आज हम दुर्भाग्य के एक युग का अंत कर रहे हैं। आज हम जिस उपलब्धि का उत्सव मना रहे हैं वो महज एक कदम है।
राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आगे कहा कि आजादी के बाद नेहरू जी, पटेल जी, अम्बेडकर जी और अन्य तमाम महापुरूषों ने देश की जनता को साथ लेकर देश की जनता के लिए बेहतर कार्य करने की रूपरेखा व योजना बनाकर देश को संवारने में लग गए। कुछ वर्षों में भारत दुनिया की बड़ी शक्तियों को चुनौती देने लगा। पूरा देश तिरंगा की आन-बान-शान के लिए हर हमेशा तैयार रहता है लेकिन संघ कार्यालय दो रंग का ध्वज फहराया जाता है। मैं कहना चाहता हॅू संघ के लोग, संघ के कार्यालय में तिरंगा ध्वज फहराये।
महापौर राजकिशोर प्रसाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि आजादी के बाद एक तरफ जहॉ देश में हरित क्रांति आयी, पंचवर्षीय योजना लागू हुई वहीं दूसरी तरफ देश को आईटीआई और एम्स जैसे संस्थान मिले, बैंकों का राष्ट्रीकरण, परमाणु परीक्षण, अंतरिक्ष यात्रा, औद्योगिकीकरण, कम्प्युटर क्रांति, वैश्वीकरण, उदारवाद नीति, आरटीआई एक्ट, न्युक्लियर डील और रिसर्च के बड़े संस्थान की उपलब्धियां देश को मिली और सारी उपलब्धियां भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की देन है। इस देश को संवारते हुए इंदिरा और राजीव जी को अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी। उनके बलिदान को हम जाया नही होने देंगे। कांग्रेस सरकार के दौरान देश एक मजबूत शक्ति के रूप में पूरे विश्व में उभरा है।
कोरबा जिला कांग्रेस प्रभारी गुरूमुख सिंह होरा ने केन्द्र की मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि पिछले 08 वर्षों से देश की जनता कमर तोड़ महंगाई, भयंकर बेरोजगारी की मार झेलने मजबूर है वहीं देश की सार्वजनिक संपत्ति की औने-पौने दामों पर बिक्री, कुपोषण, जीएसटी, नोटबंदी और मोदी सरकार की विभाजनकारी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षो से कोरोना महामारी के कारण लोग परेशान रहे इस दौरान लाखों लोंगो को नौकरी से हाथ धोना पड़ा उपर से देश में पहली बार रोजमर्रा की वस्तुओं दुध, दही, पनीर, आटा, चांवल व ब्रेड जैसी बुनियादी वस्तुओं पर भी सरकार ने टैक्स लगा दिया है।
जिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष सपना चौहान ने भी केन्द्र से मोदी सरकार पर वार करते हुए कहा कि देश के किसान खाद, बीज और डीजल के मूल्य में लगातार बढ़ोत्तरी से परेशान हाल में ह। उपर से केन्द्र की मोदी सरकार उनकी उपज का उचित व लाभप्रद मूल्य दिलवाने के प्रति उदासीन है।
सभापति श्याम सुंदर सोनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने देश की सैन्य सेवाओं के ढांचे के साथ के साथ गंभीर रूप से खिलवाड़ किया है। अग्निपथ जैसी योजना का सीधा मतलब देश की सैन्य सेवा को कमजोर करना है। इससे हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे में पड़ती नजर आ रही है। अग्निपथ योजना देश के उन युवाओं के साथ एक घिनौना मजाक है जो देश पर अपना सबकुछ न्यौछावर कर देने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।
कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के समय में भाजपा द्वारा पूरे देश में नफरत और हिंसा का वातावरण बनाया जा रहा है। भाजपा और भाजपा सरकार द्वारा समुदायों के बीच दूरी पैदा की जा रही है जो बहुत चिंताजनक और आजादी के मूल्यों का गला घोंटने जैसा है। आजादी की लड़ाई के दौरान जो सपने, आदर्श और लक्ष्य हमारे नेताओं ने देश के विकास के लिए तय किए थे उन सब पर नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा कालिख पोता जा रहा है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष हीरक महोत्सव मनाने का मकसद शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करना, देश के विकास के प्रति किये कार्य व देखे गए सपनों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करना है। आजादी के उन महान नायकों को याद करते हुए उनके सपनों को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित करने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर कुसमुण्डा ब्लॉक अध्यक्ष सनीष कुमार, पार्षद अमरजीत सिंह, पार्षद बसंत चन्द्रा, पूर्व पार्षद भुनेश्वरी देवी, एल्डरमेन गीता गभेल, रेखा त्रिपाठी, ममता अग्रवाल, केशव सर्राफ, बंटी शर्मा, राजमती यादव, राकेश पंकज, अश्वनी पटेल, कुलदीप चन्द्रा, राजा सिंह क्षत्री, अशोक पटेल, सुनील अग्रवाल, राजकुमारी श्रीवास, मीरा अग्रवाल, अनीता महंत, रितुराज, सपना बनवाले, गोवर्धन यादव, काशी केंवट, हसन खान, योगेश साहू, फूलचंद, शत्रघन श्रीवास, तस्लीम मिर्जा, रविशंकर साहू, भागीरथी राठौर, महावीर अग्रवाल, परदेशी कैवर्त, अशोक यादव, विनोद पटेल, धक्का सिंह कंवर, मस्तुल कंवर, कमल बाबु, ललीत चन्द्रा, सुमेश कुमार, शंकर लाल, प्रकाश बागे, शुभम यादव सहित भारी संख्या में कुसमुण्डा ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।