जगदलपुर : भाजपा ने तिरंगा यात्रा निकालकर तिरंगा लगाने के लिए किया प्रेरित

जगदलपुर, 7 अगस्त । बस्तर जिले के भाजपा नगर मंडल द्वारा स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा निकालकर लोकमान्य तिलक वार्ड के घर घर जाकर तिरंगा देने के साथ उन्हें लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

प्रदेश महामंत्री किरण सिंह देव ने कहा, हर बूथ में 25 से 50 तिरंगे घर-घरमे फहराना चाहिए। उन्होने कहा कि पहले सूर्योदय के पश्चात सूर्यास्त के पहले झंडा फहरता था। अब इस झंडे को रात दिन अपने घरों पर फहरा सकते हैं।

बस्तर जिले के प्रभारी लोकेश कावड़िया ने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने राष्ट्रीयता की भावना को घर-घर तक पहुंचाने के लिए हर घर तिरंगा आजादी के 75 वीं अमृत महोत्सव में प्रारंभ करवाया।

बस्तर जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि जिले के सभी मंडलों के माध्यम से हर बूथ मे पहुंचने का निर्देश भाजपा के कार्यकर्ताओं को दिया गया है। नगर अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि शहर के 48 वार्ड के हर बूथपर भाजपा नगर मंडल 25 से 50 झंडे लगाने का संकल्प लेता है।

इस अभियान में मुख्य रूप से भाजपा महामंत्री रामाश्रय सिंह, नगर महामंत्री संग्राम सिंह राणा, सुधा मिश्रा, लक्ष्मी कश्यप, योगेश शुक्ला, रोशन झा, बिजली वैध, कौशल्या साहू, टेक सिंह ठाकुर, गोपाल पटेल,पूर्णिमा, जानकी, सुंदरी, नेहा, चंपा सहित स्कूली बच्चों के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।