CG Weather Update: छाए रहेंगे बादल, बस्तर क्षेत्र में हो सकती है भारी वर्षा

रायपुर। भले ही वर्षा पर लगे ब्रेक से बीते कुछ दिनों से उमस में बढ़ोतरी होने लगी है, लेकिन अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि बस्तर क्षेत्र में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही शनिवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। एक जून से लेकर पांच अगस्त तक की स्थिति में प्रदेश में सामान्य से तीन प्रतिशत कम वर्षा हुई है। प्रदेश में पांच अगस्त तक 615.9 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य वर्षा की तुलना में तीन प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक सामान्य वर्षा 634.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी।

शुक्रवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। रायपुर का अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी प्रकार प्रदेश में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बिलासपुर सर्वाधिक गर्म रहा। तापमान में बढ़ोतरी की वजह से उमस में भी बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक से दो दिनों में प्रदेश के लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिल सकती है।

इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

बचेली में 11 सेमी, ओढ़गी-सोनहत में 6 सेमी, कांसाबेल-जनकपुर में 5 सेमी, चांपा-डोंगरगांव-बस्तानारमें 4 सेमी वर्षा हुई। इनके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में मानसून द्रोणिका के प्रभाव के साथ ही पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके चलते प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा के आसार हैं।