ट्रांसपोर्टर के घर में असामाजिक तत्वों ने लगाई आग

बिलासपुर। तिफरा के यदुनंदननगर में रहने वाली महिला ने अपने मकान में आग लगाने की शिकायत की है। आगजनी की इस घटना से मकान का गेट और प्लाई जल गया। आगजनी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला ने इसकी शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। तिफरा के यदुनंदननगर गौर कालोनी में रहने वाली रेखा सिंह गृहणी हैं। उनके पति ट्रांसपोर्टर हैं। गुस्र्वार की रात वे अपने पति अनिल सिंह और बच्चों के साथ सो रही थीं। सुबह छह बजे जब वे जागी तो उनके मकान के सामने के तीन गेट जल गए थे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमेरे का तार, प्लाई और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए थे। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद सीसीटीवी का फुटेज चेक किया। इसमें तीन लोग दो डिब्बों में पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिख रहे हैं। महिला ने इसकी शिकायत सिरगिट्टी थाने में की है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ दिनों पहले एक कोयला व्यवसायी और उसके साथियों ने उनके पति को धमकी दी थी। इसके साथ ही उनकी कार में तोड़फोड़ भी की गई थी। महिला ने बताया कि उनके पति ट्रांसपोर्टर हैं। व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते एक कोयला व्यवसायी ने उन्हें धमकियां दी थी। कोयला व्यवसायी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में गंभीर अपराध दर्ज है। इसे लेकर भी उनके बीच रंजिश है। महिला ने सिरगिट्टी पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपकर मामले की जांच करने मांग की है।