खेतों में दरार, सूखने लगी फसल, किसान चिंतित

मध्य पाटन के ग्राम कसही, सोरम, सेमरी, दरबार मोखली, धुमा सहित आसपास के गांवों में किसानों के खेत सूखने लगे हैं। खेतो में बड़ी बड़ी दरारें नजर आने लगी है।

पाटन। मध्य पाटन के ग्राम कसही, सोरम, सेमरी, दरबार मोखली, धुमा सहित आसपास के गांवों में किसानों के खेत सूखने लगे हैं। खेतो में बड़ी बड़ी दरारें नजर आने लगी है।

बारिश नहीं होने से किसान परेशान हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर तांदुला से किसानो के लिए पानी तो छोड़ा गया है। लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा सतत मानीटरिंग के अभाव में खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

सावन के माह में झड़ी होने की बजाय तेज धूप ने किसानों को परेशान कर रखा है।

किसान सुदय राम यादव ने बताया कि रोपाई के बाद अब खेत मे पानी जरूरी है। नेतराम यादव ने बताया कि फसल सूखने लगी है। कटवा रोग का प्रकोप भी फैल सकता है। राजेश कुमार एवं हेमलाल साहू ने बताया कि रोपाई व बियासी करा चुके हैं।

किसानों को बारिश का इंतजार

सेलूद। सेलूद अंचल में बीते एक सप्ताह से बारिश नहीं हो रही है। इस वजह से खेतों में दरार पड़ने लगी है। मौसम की इस बेरूखी से किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि आषाढ माह के आरंभ से ही माह के अंतिम समय तक अच्छी बारिश हुई। जिससे किसानों ने तेजी से खेतों की जोताई कर धान बोआई व रोपाई का काम आरम्भ कर दिया।

वर्तमान में सावन माह चल रहा है। एक सप्ताह से बारिश नहीं होने से किसानों की नींद उड़ी हुई है। किसान नालों का पानी पंप लगाकर खेतों में धान रोपाई का काम कर रहे हैं। पर्याप्त पानी के अभाव में खेतों मे अब दरार पड़ने लगी है। किसानों का कहना है कि आगामी एक सप्ताह मे बारिश नहीं हुई तो अकाल जैसे हालात हो जाएंगे।

नहीं मिले सिंचाई अधिकारी किसानों में पनपा आक्रोश

रानीतराई । दक्षिण पाटन अंचल के किसान नहर पानी को मांग को लेकर सिंचाई विश्राम गृह पहुंचे। वहां सक्षम अधिकारी कर्मचारी उपस्थित नहीं होने से किसानों को मायूस होना पड़ा।

आक्रोशित किसानों ने कहा कि फसल बचाने अब उन्हें आंदोलन का सहारा लेना पड़ेगा। नहर से पानी देने की मांग को लेकर मंगलवार को रानीतराई, असोगा, कौही, औसर, डीघारी, रेंगाकठेरा, निपानी, खपरी, करेला, झाड़मोखली, डीडाभाठा सहित अनेकों ग्रामों के किसान जुटे थे।

किसानों की मांग है कि समय रहते सिपकोन्हा माइनर से नहर पानी छोड़ा जाए। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा आमंत्रित सदस्य व पूर्व पानी पंचायत किसान नेता धनराज साहू ने कहा कि किसानों को अभी नहर पानी की अत्यंत आवश्यकता है।

पूर्व जनपद सदस्य अशोक शर्मा ने कहा कि अफसर इस समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। पूर्व पानी पंचायत अध्यक्ष राधेरमन चंद्राकर, ठाकुर राम सोनवानी, रमेश साहू, कोमल वर्मा, नवल वर्मा, गुलाब, नरेश चंदनिहा, रमेश साहू असोगा के अलावा अन्य किसानों ने भी आक्रोश जताया।