आप ढाई घंटे लेट आएंगे तो मरीज का इलाज कैसे होगा? : कलेक्टर

निरिक्षण के दौरान कलेक्टर ने देर से आने वाले डॉक्टरों को लगाई फटकार

जांजगीर-चांपा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार को चांपा स्थित स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान 10.30 बजे जब उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के उपस्थिति पंजी की जाँच की तो 2 चिकित्सक अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और कहा कि चाम्पावासियों के लिए शासन ने इतना बेहतर अस्पताल मुहैया कराया है। आसपास सहित दूरदराज के गरीब और जरूरतमंद मरीज बड़ी ही आस और उम्मीद के साथ यहाँ उपचार कराने आते हैं। चिकित्सकों को भगवान माना जाता है। आप यहाँ के चिकित्सक है और आप के खातिर ही मरीज स्वस्थ होने आते हैं। सुबह 8 बजे का समय निर्धारित है,लेकिन आप ढाई घंटे बाद 10.30 बजे आ रहे हैं। ऐसे में मरीजों का इलाज कैसे होगा? कलेक्टर ने अस्पताल और चिकित्सक की गरिमा का ख्याल रखते हुए समय पर आने तथा मरीजों का बेहतर उपचार के निर्देश दिए।



कलेक्टर ने आज स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सालय का दूसरी बार औचक निरीक्षण किया। यहाँ आते ही उन्होंने सबसे पहले चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की उपस्थिति की जाँच की। कलेक्टर ने पाया कि डॉ अनिता और डॉ सरिता यहाँ समय पर उपस्थित नहीं थी। उन्होंने कार्यवाही के निर्देश देते हुए मरीजों के वार्ड, शौचालय की व्यवस्था को बेहतर बनाने कहा और  यहां की सफाई व्यवस्था तथा यहां आने वाले मरीजों को शासन की योजनाओं के तहत लाभान्वित करते हुए बेहतर उपचार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में मरीज बहुत उम्मीद के साथ अपना उपचार कराने आते हैं। उन्हें यहां पर्याप्त सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाम्पा की अपनी अलग पहचान है। यहाँ इलाज की बेहतर सुविधाएं जरूर मिलनी चाहिए। वे चिकित्सालय की कमियों को दूर करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए पैसे की कोई कमी नहीं होने की बात कही।