कलेक्टर ने किया गौठानों का निरीक्षण

राजनांदगांव। शासन की लोकहितैषी योजनाओं का कारगर असर गांवों के रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में दिखने लगा है। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने कामयाबी की राह में कदम बढ़ाये हैं। शासन की नरवा, घुरवा, बाड़ी योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बन रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर डोमन सिंह ने गौठानों को मजबूती प्रदान करने के लिए डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम सालिकझिटिया एवं अमलीडीह तथा अंबागढ़ चौकी विकासखंड के पीपरखार व गौलीटोला गौठान का निरीक्षण किया। कलेक्टर सिंह ग्राम सालिकझिटिया के गौठान में समूह की महिलाओं से रूबरू हुए और उन्हें अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहां उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं सामुदायिक बाड़ी का निरीक्षण किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि विगत वर्ष वर्मी कम्पोस्ट निर्माण से 1 लाख रूपए लाभांश राशि मिली है। वहीं सामुदायिक बाड़ी से भी 50 हजार रूपए की आय हुई है।

कलेक्टर ने कहा कि गौठान सक्रिय रहना चाहिए और नियमित रूप से गोबर की खरीदी होते रहना चाहिए। उन्होंने जनपद सीईओ को समूह की महिलाओं को मसाला पीसने की मशीन उपलब्ध कराने तथा मुर्गीपालन शेड स्वीकृत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी गौठानों को विकसित करना है। इन गौठानों में समूह की महिलाओं को आजीविका मिल रही है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बन रही है। जिले के सभी गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करना है। शासन की योजनाएं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके इस दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी गौठानों में तीन आजीविका मूलक गतिविधियां अनिवार्य रूप से होना चाहिए। जिनमें गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं सामुदायिक बाड़ी विशेष रूप से हो यह सुनिश्चित करें।

कलेक्टर सिंह ने ने अमलीडीह में सुरभि गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में बकरीपालन, मुर्गीपालन तथा मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में समूह की महिलाओं को दिए जा रहे हाथकरघा प्रशिक्षण की प्रशंसा की। समूह की महिलाओं ने बताया कि बॉयोफ्लॉक कल्चर के माध्यम से तिलापिया प्रजाति की मछली का पालन किया जा रहा है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में सभी सामुदायिक सब्जी बाड़ी में व्यापक पैमाने पर सब्जी-भाजी की खेती करें, इससे अच्छी आमदनी मिलेगी। जनपद सीईओ ने बताया कि गौठान में साहीवाल नस्ल की गाय पाली गई है, जिसका लाभ मिल रहा है। कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम पीपरखार के गौठान का निरीक्षण किया। शिवनाथ नदी के तट पर स्थित इस गौठान में इंटरक्रॉप में केले की फसल के साथ अन्य साग-सब्जी की ली जा रही है।

समूह की महिलाओं ने बताया कि सामुदायिक बाड़ी से लगातार लाभ मिल रहा है। कलेक्टर ने वहां चारागाह में व्यापक पैमाने पर लगाए गए नेपियर घास का अवलोकन किया। पशुपालन विभाग से समन्वय करते हुए वहां पशुपालन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में फेंसिंग कराने तथा शेड निर्माण करने एवं गौठान की सुरक्षा के लिए एक चौकीदार जरूर रखने क लिए कहा। उन्होंने वहां व्यापक पैमाने पर किये जा रहे मुर्गीपालन का अवलोकन किया। कलेक्टर ने अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के गौलीटोला गौठान को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वर्मी टांके में गोबर होना चाहिए और वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के कार्य में गति लाने के लिए कहा। इस अवसर पर एसडीएम ललितादित्य नीलम, एसडीएम सुनील नायक , जनपद सीईओ चुरेन्द्र, जनपद सीईओ नवीन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।