कोरबा : थाने में नर कंकाल भी सुरक्षित नहीं, पुलिसकर्मी सोते रहे गए, कुत्ता उठाकर ले गया, कॉलोनी में छोड़ा; जिला अस्पताल के पीछे मिला था

कोरबा I छत्तीसगढ़ के पुलिस थानों में अब जब्ती का माल भी सुरक्षित नहीं रह गया है। कोरबा की एक पुलिस चौकी में पुलिसकर्मी सोते रह गए और वहां बोरी में रखे एक नर कंकाल को एक कुत्ता लेकर भाग गया। उसने नर कंकाल को एक रिहायशी इलाके में छोड़ दिया। रात में लोगों की नजर पड़ी तो वे डर गए और पुलिस को कॉल किया गया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नर कंकाल जब्त कर राहत की सांस ली। मामला रामपुर चौकी का है।

दरअसल, कुछ दिन पहले जिला अस्पताल के पीछे अज्ञात व्यक्ति का नर कंकाल मिला था। उसकी पहचान और जांच के लिए पुलिस ने कब्जे में ले लिया और बोरी में भरवाकर रामपुर पुलिस चौकी में रख दिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस चौकी में उसे लावारिस की तरह छोड़ दिया गया था। फिर क्या था, बुधवार रात आवारा कुत्तों की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस चौकी में कुत्ते घुसे और नरकंकाल लेकर भाग निकले।

पुलिस चौकी के पास ही CSEB कॉलोनी है। रात को लोग खाना खाकर टहलने के लिए निकले तो उनकी नजर मानव खोपड़ी पर पड़ी। इस पर वे घबरा गए। जानकारी आसपास के लोगों को लगी तो वहां भीड़ लग गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद उसे जब्त कर लिया गया। गनीमत रही कि कुत्तों ने नर कंकाल पुलिस चौकी के पास ही छोड़ा था। अगर ऐसा नहीं होता तो पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन जाता।