CG Breaking : मंत्री मंडलीय उप समिति की बैठक खत्म, 2022-23 के लिए धान खरीदी का लक्ष्य हुआ निर्धारित, जानें बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज बुधवार मंत्री मंडलीय उप समिति की बैठक आयोजित की गई थी। यह बैठक खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में की गई थी। आज हुई इस बैठक में 2022-23 के लिए धान खरीदी का लक्ष्य तय किया गया है। साल 2022-23 के लिए प्रशासन ने 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

आज आयोजित हुई इस बैठक में मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री मो. अकबर और मंत्री उमेश पटेल समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। धान खरीदी के पहले किस तरह की तैयारियां की जानी चाहिए, बारदाने की आवश्यकता और उसकी उपलब्धता को लेकर ये अहम बैठक की गई थी। बता दें पिछले सत्र में 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य तय किया गया था, उसे इस बार बढ़ाकार 110 लाख मीट्रिक टन कर दिया गया है।

पिछले साल 98 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई थी, जिसके बाद इस साल धान की पैदावार अच्छी होने के अनुमान से सरकार ने ये कदम उठाते हुए किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। बैठक में और कितने धान खरीदी केंद्र खोलने की जरुरत होगी, बारदाने को लेकर प्रदेश में क्या स्थिति है इन सब मुद्दों पर बातचीत की गई है।