छत्तीसगढ़ः नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने पर धमकी देने वाले प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

भिलाई । नुपुर शर्मा के समर्थन में इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने पर कुम्हारी के युवक को धमकाने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपित प्रेमी-प्रेमिका हैं और दोनों ने सगाई भी कर ली है। दोनों का इस्लाम के प्रति झुकाव है। वे इस्लामिक रीति से ही विवाह भी करने वाले थे। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दोनों आरोपित शहर छोड़कर भागने की फिराक में थे। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में अस्पताल वार्ड शारदा मंदिर के पास थाना गोलबाजार रायपुर निवासी कासिफ उर्फ कुणाल सेंद्रे (22) और उसकी मंगेतर राजीव गांधी आवास योजना जे ब्लाक रूम नंबर-12 गोलबाजार रायपुर निवासी रितिका भारती (20) शामिल हैं। आरोपितों ने इस बात को स्वीकार किया कि उन्होंने शिकायतकर्ता राजा जगत को इंस्टाग्राम पर धमकी दी थी। इन्होंने पुलिस को ये भी बताया कि उनका इस्लाम के प्रति उनकी आस्था है। वे दोनों उसी धर्म को मानने लगे हैं। समुदाय विशेष के लोगों से उनका बहुत ज्यादा संपर्क था।

जब शिकायतकर्ता ने अपने इंस्टाग्राम पर नुपुर शर्मा का समर्थन किया तो उन्होंने पहले खुद शिकायतकर्ता को धमकाया। इसके बाद उन्होंने अपने संपर्क के लोगों को इसके बारे में बताया था। जिसके बाद उनके संपर्क के लोगों ने भी दोनों आरोपितों के फोन से ही शिकायतकर्ता को धमकाया था। लेकिन, गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने अपने फोन से मैसेज करने वालों के नाम नहीं बताए।