छत्तीसगढ़ : 2 लाख रुपए का इनामी माओवादी पकड़ा गया, ग्रामीणों से संपर्क कर वहां नक्सलियों की मीटिंग कराने का था प्लान, जवानों ने जंगल में दबोच लिया

धमतरी/कांकेर I छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में नक्सली पैर फैलाने की फिराक में हैं। यही कारण है कि बड़े कैडर के नक्सली अंदरूनी इलाकों में जाकर लोगों को प्रभावित करके संगठन में शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बात का पता तब चल पाया, जब धमतरी पुलिस ने एक ऐसी ही एक हार्डकोर 2 लाख रुपए के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया।

नक्सली मूवमेंट के चलते धमतरी में भी डीआरजी के जवान गश्त पर जाते हैं। गुरुवार को भी दौड़पडरीपानी में जवान सर्चिंग पर गए हुए थे। इसी दौरान जंगल में जवानों को एक शख्स को घूमता हुआ देखा था। मगर वह जवानों को देखकर छिपने लगा था। फिर भागने भी लगा था, लेकिन जवानों ने उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने पर उससे जब पूछताछ की गई तब भी वह कुछ नहीं बता रहा था। बार-बार जवानों को गुमराह करने की फिराक में था।

कांकेर जिले के रहने वाला है

इसके बाद जवानों ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। तब उसने बताया कि वह कांकेर के खरकापाल गांव का रहने वाला है। उसका नाम मुकेश उर्फ सुकलू गावड़े है। वह वर्ष 2009 से रावघाट नक्सल एरिया कमेटी का सदस्य है। कई बड़ी वारदातों में शामिल रहा है। जांच में यह भी पता चला कि उसके ऊपर 2 लाख रुपए का इनाम था।

ग्रामीणों से संपर्क कर मीटिंग कराने का प्लान था

जवानों ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह इस इलाकों में ग्रामीणों से संपर्क करने आया था। मकसद था कि इस क्षेत्र में भी नक्सल संगठन को बढ़ाया जाए। साथ ही जब ग्रामीणों से बातचीत कर वहां पर नक्सलियों की मीटिंग करवाई जाए। लेकिन इससे पहले ही जवानों ने उसे दबोच लिया। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और शुक्रवार को पूरे मामले की जानकारी दी गई है।