Cyber Crime: सबसे ज्यादा इन देशों में होता है साइबर क्राइम, भारत Top 5 में शामिल

FBI (Federal Bureau of Investigation) ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में साइबर क्राइम से पीड़ित देशों की लिस्ट जारी की है। आपको जानकार हैरानी होगी कि इस लिस्ट के टॉप 5 देशों में भारत का नाम भी शामिल है। हालांकि, जिस देश के लोग सबसे ज्यादा साइबर क्राइम का सामना करते है वो अमेरिका है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में सबसे ज्यादा बड़ी संख्या में लोग साइबर क्राइम के शिकार होते हैं।

साइबर क्राइम पीड़ित देशों की लिस्ट में भारत इस नंबर पर हैं-

रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017 से लेकर 2021 के बीच में The Internet Crime Complaint Center (IC3) ने साइबर क्राइम से जुड़ी कुल मिलाकर 2,760,044 शिकायतें दर्ज की हैं। इन आंकड़ों में 4,66,501 केसों के साथ अमेरिका पहले नंबर पर स्थित है। जबकि दूसरे नंबर पर 3,03,949 केसों के साथ UK है। 5788 कसों के साथ कानाडा तीसरे नंबर पर है और भारत इस लिस्ट में 3,131 केसों के साथ चौथे नंबर पर है। पाकिस्तान और चीन का नंबर इस लिस्ट में भारत से काफी बाद है। साइबर क्राइम से पीड़ित इन 5 देशों के अलावा, दूसरे देशों में ऐसे क्राइम से जुड़े केवल 25,000 केस ही दर्ज किए गए हैं।

60 साल से ज्यादा की उम्र वालों के साथ हुई सबसे ज्यादा पैसों की ठगी

आंकड़ों के अलावा, इस रिपोर्ट में कई अन्य बातें भी निकलकर सामने आई हैं। रिपोर्ट की मानें, तो साइबर क्राइम में पैसों से जुड़ी धोखाधड़ी सबसे ज्यादा उम्रदराज लोगों के साथ ही हुई है। आंकड़ों पर नजर डालें, तो साल 2021 में 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को साइबर क्राइम के जरिए 1.68 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं, दूसरी ओर 50 से लेकर 59 साल तक की उम्र के लोगों को 1.26 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं, 20 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को 101.4 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ है।

साइबर क्राइम को रोकने के लिए विभिन्न प्रयास कर रही है भारत सरकार

साइबर क्राइम को रोकने के लिए गृह मंत्रालय ने हाल ही में @Cyber Dost ट्विटर हैंडल लॉन्च किया है। इस पर छोटे वीडियो, फोटो और क्रिएटिव चीजों के माध्यम से 1066 से अधिक साइबर सुरक्षा टिप्स साझा किए गए हैं। इसके अलावा, साइबर क्राइम को लेकर जागरूक करने के लिए रेडियो अभियान भी चलाए गए। यह ही नहीं, लोगों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने के लिए 100 करोड़ से ज्यादा एसएमएस भी भेजे जा चुके हैं।