नई दिल्ली 24 मई 2026 . देशभर में नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर जारी विवाद और पेपर लीक के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलावों का संकेत दिया है. केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है तथा अगले वर्ष से तकनीक आधारित परीक्षा प्रणाली लागू करने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा सुधारों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, हालांकि इतने बड़े स्तर पर बदलाव एक वर्ष में पूरी तरह लागू नहीं किए जा सकते.
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर बेहद गंभीर है और लगातार नई व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक आधारित परीक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. उन्होंने संकेत दिए कि अगले वर्ष से कई प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी तरह डिजिटल और तकनीक संचालित स्वरूप में आयोजित की जा सकती हैं. यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीट-यूजी 2026 परीक्षा को लेकर देशभर में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए के अधिकारियों ने संसदीय स्थायी समिति को जानकारी दी कि प्रश्नपत्र पूरी तरह लीक नहीं हुआ था, बल्कि परीक्षा से पहले कुछ प्रश्न बाहर आए थे. सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने समिति को बताया कि एजेंसी की प्रणाली से कोई प्रत्यक्ष सेंधमारी नहीं हुई और मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई द्वारा की जा रही है.

