बारात में खूनी झड़प मामले में फरार 5 आरोपी गिरफ्तार, मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई – vedantsamachar.in

बारात में खूनी झड़प मामले में फरार 5 आरोपी गिरफ्तार, मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ निवासी ग्राम खोखरा ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 अप्रैल 2026 को वह ग्राम खोखरा से बारात लेकर ग्राम पौना गया था। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद कराने को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने बारातियों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव समेत अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक वार किया गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना में धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से धनंजय यादव की हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर 5 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में कृष्ण कुमार यादव उर्फ टिंगालू (21 वर्ष), लक्ष्मी प्रसाद यादव (32 वर्ष), बॉबी यादव उर्फ लाला (24 वर्ष), बबलू यादव उर्फ छोटे लाला (20 वर्ष) निवासी ग्राम पौना थाना मुलमुला तथा गंगा सागर उर्फ सोनू (28 वर्ष) निवासी ग्राम बुचीहरदी थाना बलौदा शामिल हैं।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, एएसआई प्रमोद महार तथा प्रधान आरक्षक अमृत सूर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।