मूंगफली के साथ गांजे की खेती, खेत से 10 फीट ऊंचे पौधे मिले; किसान बोला-पता नहीं किसने लगाया, हुआ गिरफ्तार

बिलासपुर I बिलासपुर में खेत में मूंगफली की फसल के साथ गांजा का पौधा लगाने वाले किसान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खेत से पुलिस ने गांजे का 18 पौधे जब्त किए हैं। पकड़े जाने के बाद किसान ने कहा कि उसे यह नहीं मालूम कि खेत में गांजे का पौधा किसने लगाया है। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।

प्रशिक्षु IPS को जानकारी मिली कि ग्राम नवागांव कौड़िया में एक किसान ने अपने खेत में गांजे का पौधा लगाया है। इस पर रविवार शाम उन्होंने अपनी टीम के साथ नवागांव कौड़िया में रहने वाले किसान मोहनलाल पटेल के खेत की तलाशी ली। वहां खेत में मूंगफली की फसल के साथ बीच-बीच में गांजे का भी पौधा लगाया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान खेत से गांजे का 18 पौधा जब्त किया।

8 से 10 फीट ऊंचे थे पौधे
खेत में गांजे का पौधा अलग ही नजर आ रहा था। दरअसल पौधे 8 से 10 फीट तक ऊंचे हो गए थे और दूर से दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में गांजे के पौधों की जब्ती बनाई। आरोपी किसान के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।