छत्तीसगढ़ः प्रदेश में ‘असानी’ का असर, सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया अधिकतम तापमान; फिर रायपुर-कुरुद सबसे गर्म

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान असानी का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर दिखने लगा है। ठंडी हवाओं की वजह से प्रदेश के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है। मंगलवार को रायपुर और कुरुद में सबसे अधिक गर्मी रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां फिलहाल 6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चल रही हैं।

शहर के बाहरी हिस्सों का मौसम कुछ और ठंडा रहा है। माना हवाई अड्‌डे के पास यह 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। राजनांदगांव में 38.8 डिग्री, दुर्ग में 38.7 डिग्री और पेंड्रा में 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री है, जो सामान्य से 5 डिग्री तक कम है। उत्तर के शहर अंबिकापुर में सामान्य से 3 डिग्री कम अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ के शहर जगदलपुर में अधिकतम तापमान केवल 34.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां भी तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। दिन के तापमान में गिरावट की वजह से लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है।

कल बरसात संभव, बिजली भी गिर सकती है

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, चक्रवात असानी अभी पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। अब इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 मई को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना बन रही है। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर वज्रपात भी संभव है। मौसम विभाग के मुताबिक वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से बस्तर संभाग हो सकता है।

मई में 49 डिग्री तक पहुंच जाता है तापमान

मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक मई महीने में प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 39 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच होता है। लेकिन यह 49 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच चुका है। अब तक के सर्वाधिक अधिकतम तापमान 49.3 डिग्री सेल्सियस को 23 मई 2017 को बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया था। रायपुर में अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47.9 डिग्री सेल्सियस 30 मई 1988 को दर्ज हुआ। सामान्य तौर पर सबसे गर्म माने जाने वाले जांजगीर-चांपा में मई का सर्वकालिक अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री सेल्सियस है। इसे 26 मई 1984 को रिकॉर्ड किया गया था।