अवैध संबंधों में हत्या की साजिश: दो साल बाद खुला महिला की हत्या का राज, दो आरोपी गिरफ्तार – vedantsamachar.in

अवैध संबंधों में हत्या की साजिश: दो साल बाद खुला महिला की हत्या का राज, दो आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा,23 मई (वेदांत समाचार)। जिले में दो साल पुराने गुमशुदगी मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की हत्या कर शव को गांव में दफना दिया गया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में गुमशुदा महिला रामदई कश्यप की लगातार जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने महिला के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले, जिसमें पाण्डू करटम नामक डीआरजी जवान से लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम गांव तोयलंका पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि रामदई कश्यप के पाण्डू करटम से करीबी संबंध थे, जिसकी जानकारी उसकी पत्नी कमली करटम को भी थी। इसी बात से नाराज होकर कमली करटम ने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम के साथ मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रात के समय रामदई कश्यप की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पिकअप वाहन में ले जाकर गांव तोयलंका के नाले के पास दफना दिया गया। कमली करटम की निशानदेही पर दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम और पुलिस की मौजूदगी में उत्खनन कराया गया, जहां प्लास्टिक बोरी में मानव कंकाल बरामद हुआ।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी महिला ने हत्या कराने के लिए मुख्य आरोपी को एक लाख रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस ने गांव में यह सूचना भी फैलाई कि जल्द ही कंकाल खोजने वाली मशीन से जांच की जाएगी। इसके बाद आरोपी घबरा गए और एक-एक कर अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बताया जा रहा है कि डीआरजी जवान की दो पत्नियां हैं और एक अन्य महिला से संबंधों को लेकर यह पूरी खूनी साजिश रची गई थी। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद लक्ष्मी नाग और कमली करटम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।