रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 वाहनों पर ₹1.51 लाख का चालान – vedantsamachar.in

रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 वाहनों पर ₹1.51 लाख का चालान

रायगढ़, 22 मई 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में 21 मई 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक ही दिन में रिकॉर्ड 120 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,51,700 का चालान वसूला गया।

यातायात पुलिस की सबसे बड़ी कार्रवाई गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर देखने को मिली, जहां भारी वाहनों की सघन जांच कर नियम उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी वाहन चालकों की जांच की गई।

पुलिस ने ओवर स्पीड, खतरनाक ड्राइविंग, नो पार्किंग, गलत रजिस्ट्रेशन नंबर, तीन सवारी, बिना हेल्मेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की।

रायगढ़ पुलिस सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अब लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो गंभीर सड़क हादसों में आरोपित वाहन चालकों पर आपराधिक मानव वध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि तेज रफ्तार और खतरनाक ड्राइविंग सीधे लोगों की जिंदगी को खतरे में डालती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और सभी वाहन चालक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपनी तथा दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।

रायगढ़ पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।