दुनियाभर में सबसे ज्यादा बिक रहे हैं इस ब्रांड के 5G फोन, खरीदारी में मदद करेगी ये लिस्ट

5G फोन खरीदने का प्लान है लेकिन बाजार में मौजूद ढेर सारे ब्रांड्स के बीच कंफ्यूज हैं, तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि दुनियाभर में किस ब्रांड के 5G फोन सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। दरअसल, 5G स्मार्टफोन की तलाश कर रहे लोगों के लिए सैमसंग टॉप चॉइस रहा है। फरवरी 2022 में टॉप-10 सबसे अधिक बिकने वाले 5G एंड्रॉइड स्मार्टफोन में से, सैमसंग डिवाइसेस ने पांच स्थान हासिल किए हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि टॉप-5 में सबसे ऊपर सैमसंग के चार डिवाइस हैं। फरवरी 2022 के लिए काउंटरपॉइंट के ग्लोबल मासिक हैंडसेट सेल्स ट्रैकर द्वारा डेटा शेयर किया गया था, जिसमें ये जानकारी सामने आई है। ध्यान दें कि डेटा केवल सेल्स पर केंद्रित है, डिवाइस के परफॉर्मेंस पर नहीं।

रिपोर्ट के अनुसार, सैमसंग ने टॉप 10 में से पांच स्थान हासिल किए, हॉनर डिवाइस ने दो स्थान हासिल किए, उसके बाद ओप्पो, वीवो और शाओमी ने एक-एक स्थान हासिल किया है।

फरवरी 2022 में ग्लोबल 5G स्मार्टफोन सेल्स की डिटेल:

– डेटा से पता चलता है कि फरवरी 2022 में बेचे गए सभी 5G स्मार्टफोन में से 67% एंड्रॉइड डिवाइस थे। इसके अलावा, लिस्ट में टॉप-10 सबसे अधिक बिकने वाले 5G Android डिवाइसेस ने इस महीने 5G Android स्मार्टफोन की बिक्री में 20% का योगदान दिया।

– सैमसंग गैलेक्सी A52s 5G फरवरी 2022 में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन था। इसने फरवरी में सबसे ज्यादा बिकने वाले 5G एंड्रॉइड स्मार्टफोन में 2.90% का योगदान दिया। हालांकि, बिक्री के मामले में गैलेक्सी S22 अल्ट्रा 5G, गैलेक्सी A52s 5G से ज्यादा पीछे नहीं था।

– सैमसंग गैलेक्सी S22 अल्ट्रा 5G साल 2022 के लिए सैमसंग के फ्लैगशिप स्मार्टफोन में सबसे ऊपर है। रैंकिंग के अनुसार लिस्ट में अन्य डिवाइस थे – गैलेक्सी S21 FE 5G, गैलेक्सी A32 5G, ओप्पो रेनो7 5G चीन, ऑनर 60, वीवो S12, शाओमी रेडमी K40, ऑनर X30 और सैमसंग गैलेक्सी A22 5G।

– काउंटरपॉइंट द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, गैलेक्सी A22 के लिए भारत और यूके (यूनाइटेड किंगडम) टॉप बाजार हैं। यहां एकमात्र फ्लैगशिप एंड्रॉइड स्मार्टफोन गैलेक्सी S22 अल्ट्रा 5G है। लिस्ट में लगभग हर दूसरा डिवाइस सेमी-प्रीमियम या मिड-रेंज कैटेगरी में आता है।

– इस साल की शुरुआत में लॉन्च किया गया गैलेक्सी S21 FE 5G भी उन लोगों के लिए एक बेहतरीन डिवाइस है जो एक फ्लैगशिप अनुभव की तलाश में हैं लेकिन एक किफायती कीमत पर।