आग पर नियंत्रण के लिए अग्निशमन विभाग को दें सटीक सूचना : कोसरिया


जांजगीर, 23 अप्रैल (वेदांत समाचार)। आग से बचने के लिए यह जरूरी है कि अग्निशमन सेवा विभाग आगजनी की किसी भी सूचना को नजरअंदाज न करें। इसके साथ ही अग्निशमन सेवा की टीम को आगजनी के स्थान की सटीक जानकारी भी बताएं ताकि आग पर त्वरित रूप से नियंत्रण पाया जा सके। यह विचार राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्य अभियंता एचएन कोसरिया ने व्यक्त किए। गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह मड़वा में 14 से 20 अप्रैल तक राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया गया।


इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजाबाबू कोसरे, विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा व रामजी सिंह, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह में अग्निशमन सेवा दल द्वारा विद्युत संयंत्र के विभिन्न कार्यस्थलों पर पूरे सप्ताहभर अग्निशमन उपकरणों का प्रशिक्षण एवं उन्हें संचालित करने की विधि श्रमिकों एवं कर्मचारियों के बीच प्रदर्शित की गई। इसके अलावा जनजागरूकता के लिए नारा एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नारा प्रतियोगिता में जयकृपाल यादव को प्रथम, अजय साहू को द्वितीय एवं रति यादव को तृतीय स्थान मिला।

निबंध प्रतियोगिता में प्रथम त्रिविद श्रीवास, द्वितीय संजय झा और नेहा खरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अभियंता एवं अतिथियों के हाथों विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजाबाबू कोसरे, आलोक लकरा, रामजी सिंह एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ आरके तिवारी ने भी संबोधित किया। पूरे सप्ताह आयोजित किए गए कार्यक्रमों का विवरण अधीक्षण अभियंता एन. साहा ने पेश किया। पूरे कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता संदीप भगत, सहायक अभियंता विजय कुमार एवं संरक्षा व अग्निशमन सेवा विभाग की टीम ने सहयोग किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार देवांगन एवं आभार प्रदर्शन उप-अग्निशमन अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता क्रिस्टोफर एक्का, एनके. घृतलहरे, मुख्य रसायनज्ञ अभय मिश्रा, उत्तम चंद्रवंशी, प्रकाशन अधिकारी बसंत शाहजीत समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।