केन्द्री, नवागांव, सुंदरकेरा और थनौद गौठानों में पहुंचे कलेक्टर, गौठान में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली, महिला समूहों से भी की चर्चा


0 गर्मी को देखते हुए गौठानो में पशुओं के लिए पानी सहित शेड आदि व्यवस्थाएँ सुनिश्चत करने के दिए निर्देश


रायपुर 08 अप्रैल (वेदांत समाचार)। गौठान पहुंच कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर सौरभ कुमार आज अभनपुर विकासखंड के केन्द्री, नवागांव, सुंदरकेरा और थनौद गांव के गौठानों में पहुंचे। श्री कुमार ने इन गौठानों में उपलब्ध संसाधनों की स्थिति और स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही आयमूलक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। कलेक्टर ने गौठान में उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ पशुधन के लिए चारे और पानी की व्यवस्था, गोबर खरीदी एवं बिक्री, वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण एवं बिक्री, शेड निर्माण, फैंसिग आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्री कुमार ने स्वसहायता समूह की सदस्यों से चर्चा कर गौठानों की आजिविका गतिविधियों से होने वाले फायदों के बारे में पूछा और उन्हें बढाने के लिए सुझाव भी लिए। श्री कुमार ने केन्द्री के गौठान में वर्मी खाद् निर्माण, पैरादान, सब्जी उत्पादन, चारागाह विकास आदि कार्यों के बारे में जानकारी ली। जिले में आज जनपद पंचायत आरंग के 78, जनपद पंचायत अभनपुर के 54, जनपद पंचायत तिल्दा के 40, जनपद पंचायत धरसींवा के 22, गौठानों में गौठान पहुंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

थनौद गौठान में महुआं पेड़ के नीचे कलेक्टर ने गौठान समिति के सदस्यों और ग्रामीणों से भेट की। गौठान निरीक्षण के बाद उन्होेंने गर्मी को ध्यान में रखते हुए गौठानों में पशुओं के लिये पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने, पशुओं के लिए बने शेडों की व्यवस्था और मरम्मत करने, खाने के लिए चारा की व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने गौठानों में सब्जी उत्पादन के लिए समुचित सिंचाई व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में बन रही सुपर कम्पोस्ट एवं वर्मी कम्पोस्ट खादों के रखरखाव, उठाव एवं उपयोगिता के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

श्री कुमार ने खाली वर्मी टांको को गोबर से भरने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम में भरे हुए टांको पर लगातार नमी बनाए रखने के लिए समय-समय पर पानी छिरकाव के भी व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान संचालन समिति के सदस्यों से लेकर चरवाहें तक से बात की और गौठान संचालन के लिए स्थानीय जरूरतों को पूछा। नवागांव गौठान में कलेक्टर ने मशरूम उत्पादन युनिट से लेकर वर्मी खाद् निर्माण और औषधीय पौधों के प्रसंस्करण की भी जानकारी ली। उन्होंने इस गौठान को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करने की विस्तृत कार्ययोजना पर भी मौके पर ही ग्रामीणों से चर्चा की। सुंदरकेरा गौठान में पशुओं हेतु पैरा संग्रहण, केचुआ उत्पादन, सब्जी बाड़ी उत्पादन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन, साबुन, निरमा, फिनाईल निर्माण एवं अन्य गतिविधियों के बारे में पुरी जानकारी ली और महिला समूहों के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर श्री सौरभ कुमार ने कहा कि गौठानों में महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें स्व सहायता समूह में जोड़कर रोजगार और आय के साधन उपलब्ध कराये जा रहे हैं, जिससे अब महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में बढ़ रही है। उन्होंने महिलाओं को आयमूलक गतिविधियों में जुड़कर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।

गौठान निरीक्षण के बिन्दु- अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान गौठान में अभी तक कितनी गोबर खरीदी की गई है, गोबर से खाद्य निर्माण की स्थिति, गौठान में कितने समूह कार्य कर रहे हैं, गठान समिति के पास कितनी राशि उपलब्ध है, गौठान में पैरा दान की स्थिति, गौठान का रकबा कितना है, गौठनों में पशुधन के लिए उपलब्ध सुविधाएं जैसे अनेक बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करेंगे। कृषि विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नामांकित किया है। सभी नोडल अधिकारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट संबंधित जनपद पंचायत को प्रस्तुत करेंगे। नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है, जिससे गौठनों से जमीनी स्तर की रिपोर्ट प्राप्त हो सके।

11 अप्रैल को कलेक्टर करेंगे वृहद समीक्षा- आज के गौठान भ्रमण से तैयार रिपोर्ट की बिन्दुवार समीक्षा कलेक्टर सौरभ कुमार 11 अपै्रल को करेंगे। इसके लिए पंडित दिनदायल उपाध्याय ऑडिटोरियम में अधिकारियों की बड़ी बैठक होगी।