खैरागढ़ उप चुनाव जिताने के लिए सभी एक जुट हो : बृजमोहन

रायपुर: भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि खैरागढ़ उप चुनाव जिताने के लिए सभी एक जुट हो। उन्होंने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि यह चुनाव 2023 के विधानसभा में भाजपा की सरकार बनाने के लिए विजय का द्वार साबित होगा। खैरागढ़ उप चुनाव जीतने से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लहर पैदा होगी।
अग्रवाल आज खैरागढ़ में आयोजित प्रबुद्धजनो की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि केन्द्र में भाजपा की सरकार है जिसका परिणाम यह हुआ है कि जो काम 500 साल में नहीं हो पा रहा था अब हो रहा है 2023 के अंत तक प्रभु राम का भव्य मंदिर अयोध्या में बन जाएगा। वैसे ही काश्मीर से धारा 370 और 35ए की समाप्ति हुई। अगर राज्य में भी भाजपा की सरकार होती तो धर्मांतरण नहीं होता और भगवा ध्वज का अपमान नहीं हो पाता।

अग्रवाल ने कहा कि खैरागढ़ में राजपरिवार का सम्मान है और यहाँ से स्व. देवव्रत जी विधायक थे काँग्रेस ने उनका अपमान किया, मुख्यमंत्री के कारण उन्हें काँग्रेस छोडना पड़ा। 6 महीने हो गये उनकी मूर्ति स्थापना क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें काम करती हैं। पिछले 15 साल में प्रदेश में सड़कों का जाल सबको दिखाई दे रहा है। लेकिन इस सरकार में पिछले साढ़े तीन साल में एक रुपये का भी काम नहीं हुआ है एक ईट तक नहीं रखी गई है। राज्य सहित खैरागढ़ पिछड़ गया है।

अग्रवाल ने कहा कि खैरागढ़ में हम चुनाव जीतने की स्थिति में हैं। सारे भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मिलकर भाजपा के कमल फूल को और प्रत्याशी कोमल जंघेल को जिताने के लिए एकजुट हो जाएँ। भाजपा का खैरागढ़ में चुनाव जीतना तय है इसलिए मुख्यमंत्री तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। आज की बैठक में भगवत शरण सिंह, हर्ष दशरिया, राजीव चन्द्राकर, मनोज गिडिया सहित सैकडों की संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे।