डॉ. रमन ने खैरागढ़ को हमेशा उपेक्षित किया है : भूपेश बघेल

रायपुर । मुख्यमंत्री बघेल शनिवार को अपने दुर्ग-जगदलपुर दौरे पर रवाना हुए। दौरे से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने खैरागढ़ को हमेशा उपेक्षित किया है, अब खैरागढ़ को सम्मान मिला है, तो उनको बर्दाश्त नहीं हो रहा है। यह बात खैरागढ़ की जनता भली-भांति जान चुकी है।

विपक्ष के 3 साल में कोई विकास नहीं करने और रमन कार्यकाल के कामों को अपना बताने के आरोप पर बोले मुख्यमंत्री बघेल ने कहा- ‘किसी भी राज्य के विकास की तुलना, वहां हो रहें सड़कों के निर्माण हो, सिंचाई की व्यवस्था, शिक्षा का हो, स्वास्थ्य का हो, लोगों का रोजगार का हो, किसानों को सही दाम, मजदूरों व महिलाओं के सम्मान देने की बात हो…हमारी सरकार बेहतर ढंग से कर रही हैं।’

सीएम ने महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा, और कहा – भारतीय जनता पार्टी को जानना चाहिए केंद्र की नीतियों के कारण आज महिलाएं परेशान है, एलपीजी महीने में तीसरे दिन बढ़ोतरी हुई है, पेट्रोल रोज बढ़ोत्तरी बढ़ रहे हैं, 12 दिन में 10 बार कीमत में वृद्धि हुई है। भारतीय जनता पार्टी बताएं उसमें महंगाई के विरोध में क्यों बात नहीं करते। रोज पेट्रोल डीजल के भाव 80-80 पैसे बढ़ रहे हैं, भारतीय जनता पार्टी के नेता मौन क्यों है?